ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने मंगलवार तड़के ग्रेनो वेस्ट स्थित कच्ची सड़क के पास मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बुलंदशहर निवासी बदमाश भूरा को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इसका साथी मौके से भाग निकला। आरोपी के कब्जे से दिल्ली से चुराई गई बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा इलामारन ने बताया कि एक सूचना पर तड़के कच्ची सड़क के पास पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर जांच अभियान शुरू कर दिया। संदेह के आधार पर वहां दो युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भूरा के पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी भाग निकला। भूरा ने 2 अगस्त को ग्रेनो वेस्ट में साथियों के साथ कार, नकदी और मोबाइल लूटा था। पुलिस ने लूट के 4,500 रुपये भी बरामद किए हैं।