नोएडा। त्योहारों के बाद लगातार बढ़े कोरोना के मामले अब फिर से कम होने शुरू हो गए हैं। जिले की कोरोना रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को 25 सक्रिय मरीज दर्ज किए गए। इनमें 24 का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। सिर्फ एक मरीज ही अस्पताल में भर्ती है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि त्योहारों के बाद लगातार कोरोना के मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। जितने भी केस अब तक आए हैं वेे किसी एक कलस्टर से न होकर अलग-अलग क्षेत्रों के हैं। दूसरी लहर में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट ने कोहराम मचाया था, लेकिन अब ऐसा कोई मामला नहीं है। सक्रिय मरीजों में अधिकांश 40 से अधिक उम्र के हैं। सेक्टर-39 कोविड अस्पताल में एक मरीज भर्ती है। सक्रिय मरीजों में एक सात वर्षीय बच्चा भी है। बच्चे की किसी टूर पर ले जाने से पहले कोविड जांच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सक्रिय मामलों में पहला स्थान बरकरार
त्योहारों के बाद से जिला कोरोना के नए मामलों में प्रदेश में पहले नंबर पर था, लेकिन बृहस्पतिवार को दूसरे स्थान पर आ गया। हालांकि, सक्रिय मामलों में जिले का प्रदेश में पहला स्थान बरकरार है। बृहस्पतिवार को 24 घंटे में कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं, जबकि एक मरीज स्वस्थ हुआ है। सक्रिय मरीजों की संख्या 25 दर्ज की गई। अब तक 62907 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं।
डेंगू के चार मरीज बढ़े, 596 पहुंची संख्या
जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को चार नए मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। इससे जिले में मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 596 हो गई है। सरकारी आंकड़ों में 16 सक्रिय मामले बताए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि नवंबर के शुरुआती एक सप्ताह में जिले में डेंगू मरीजों की संख्या दो अंकों में थी, लेकिन इसके बाद से मरीजों की संख्या एक अंक में दर्ज की जा रही है। इस माह ऐसा दूसरी बार है जब डेंगू के सबसे कम मरीजों की पुष्टि एक दिन में हुई है। इससे पहले 9 नवंबर को डेंगू के तीन मरीजों की पुष्टि हुई थी, जो इस सीजन में सबसे कम रहे। जब तक डेंगू पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता जिले में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग जारी रहेगी।