नोएडा। सेक्टर-18 शहर का सबसे पुराना बाजार है। लेकिन यहां सीवेज और पानी निकासी की समस्या 35 साल पुरानी है। बारिश होते ही बाजार तालाब बन जाता है। व्यापारियों की शिकायत पर प्राधिकरण पंप से पानी निकालकर नाली में बहा देता है। कई बार गंदा पानी दुकानों में भी घुस जाता है। इतना ही नहीं कभी यह बाजार शहर के लोगों के लिए पिकनिक स्थल होता था, अब लोग यहां आने से कतराने लगे हैं।
सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस के जैन ने बताया कि यहां आने वाले लोगों का गंदगी से बुरा हाल है। सीवर भरे रहते हैं। प्राधिकरण ने पहले यहां डस्टबिन लगवाए, उसके बाद खुद ही हटा दिया। ऐसे में दुकानदार कचरा मार्केट में भी फेंक देते है। बारिश के चलते कचरा सड़कों पर आ जाता है लेकिन इसे हटाया नहीं जा रहा।
व्यापारी नेता नरेश कुच्छल ने बताया कि दुकानों में बैठना दूभर होता जा रहा है। साफ सफाई नहीं होने से ग्राहकों की संख्या कम हो रही है। प्राधिकरण से कई बार शिकायत की गई। लेकिन अब तक समस्या का हल नहीं निकला। जबकि वर्तमान में सेक्टर-18 का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। तीन ब्लाकों का काम सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। बाकायदा 250 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन यहां फैला कचरा व्यापारियों के लिए नासूर बनता जा रहा है।
पंप से निकालते हैं पानी
एसोसिएशन ने बताया कि नालियां जाम होने से बारिश के समय पानी भर जाता है। प्राधिकरण ने नालियां तो बना दीं लेकिन पानी की निकासी के लिए कोई योजना नहीं बनाई। जिसके कारण तेज बारिश में सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। लोगों को काफी परेशानी होती है। दुकानदार खुद ही पंप के जरिये पानी की निकासी करते हैं।
नालियों से निकासी नहीं होने पर पानी सड़कों पर भरा रहता है। दुकानों के सामने पानी भरने से ग्राहक नहीं आ पाते। ऐसे में नुकसान हो रहा है। बिना सफाई के लोग बाजार में क्यों घूमने आएंगे।
दीपेश गुप्ता, सेक्टर-18 मार्केट
मार्केट के आसपास कूड़ा के ढेर लगा रहता है। जो बहकर नालियों में भर जाता है। नालियां जाम पड़ी हैं। ऐसा लगता है कि बाजार में भीड़ सिर्फ गाड़ी खड़ी करने आती है।
धीरज शर्मा, सेक्टर-18 मार्केट
कई बार शिकायत की गई है लेकिन प्राधिकरण की तरफ से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गंदगी की वजह से मार्केट का बुरा हाल है। व्यापारियों ने जनप्रतिनिधियों से भी शिकायत की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सोनू, सेक्टर-18 मार्केट
मॉल के आसपास सफाई रोज होती है। लेकिन मार्केट में सफाई कर्मचारी नजर नहीं आते। डस्टबिन न होने की वजह से कूडे़ का ढेर लगता जा रहा है। ए दुर्गंध में कोई खरीदारी क्यों करने आएगा।
- दानिश, सेक्टर-18 मार्केट