कारोबारी की सजगता से चोरी होने से बची इनोवा कार
नई दिल्ली। पश्चिम विहार में कार सवार बदमाशों ने कारोबारी की इनोवा कार चुराने का प्रयास किया। लेकिन कारोबारी की सजगता से सफलता नहंी मिली। भागने के दौरान बदमाशों की कारतूस से भरी मैगजीन मौके पर ही गिर गई। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए बदमाश की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार महेश गुप्ता (51) सपरिवार पश्चिम विहार इलाके में तीसरी मंजिल पर रहते हैं। उनका निजी कारोबार है। 16 जुलाई की सुबह साढ़े पांच बजे वह अपने बालकनी में खड़े थे। तभी उन्होंने देखा कि नीचे खड़ी उनकी इनोवा कार का गेट खुला हुआ है। ड्राइविंग सीट पर कोई शख्स मौजूद है। साथ ही उनके इनोवा के पीछे ब्रेजा कार खड़ी है, जिसमें कुछ लोग बैठे हुए थे। अनहोनी की आशंका भांपकर कारोबारी ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर इनोवा कार में बैठा बदमाश भागकर ब्रेजा कार में सवार हो गया और आरोपी मादीपुर की ओर भाग गए। महेश ने तीसरी मंजिल से नीचे उतरकर देखा कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था और पास ही एक मैगजीन गिरी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर मैगजीन को जब्त कर लिया। ब्यूरो