धामपुर। ब्लॉक क्षेत्र के गांव पुराना धामपुर हुसैनपुर में कुल 171 बच्चे पंजीकृत हैं। इन बच्चों को पढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सात शिक्षकों एवं तीन शिक्षामित्रों की तैनाती कर रखी है। ग्रामवासियों का कहना है कि सरकार की ओर से शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए पेयरिंग व्यवस्था को लागू किया गया है। लेकिन फिर भी यहां पर शिक्षक-छात्र अनुपात के हिसाब से शिक्षकों की संख्या अधिक है।
पुराना धामपुर हुसैनपुर गांव नगर पालिका से सटा हुआ है और इस विद्यालय में शिक्षकों की भरमार है। ग्रामीणों का कहना है कि वह कई बार विभाग के अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। बुधवार को जब विद्यालय का भ्रमण किया गया तो पाया कि विद्यालय में 171 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 105 छात्र-छात्राएं उपस्थित हैं। एक शिक्षिका अवकाश पर है।
- आदेश मिलने पर होगी समायोजन की प्रक्रिया शुरू
उधर खंड शिक्षा अधिकारी मुन्नालाल त्रिवेदी का कहना है कि पेयरिंग व्यवस्था के तहत विद्यालय में बच्चों की संख्या पर्याप्त है। लेकिन शिक्षकों की शिक्षक-छात्र अनुपात के सापेक्ष संख्या अधिक है। इसके बारे में विभाग को अवगत करा रखा है। जल्द ही छात्र- शिक्षक के मानक के सापेक्ष अधिकांश शिक्षकों को अन्य विद्यालयों में आदेश आने पर समायोजित किया जाएगा।