एलिया के ग्राम भगवंतपुर में कॉम्बिंग करती वन विभाग की टीम।
सीतापुर। एलिया के भगवंतपुर गांव में वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की और बाघ की आमद को नकार दिया। गांव निवासी प्रेम पर बाघ के हमले का ग्रामीणों ने मंगलवार रात दावा किया था। प्रेम को ग्रामीणों ने सीएचसी एलिया में भर्ती कराया था। मंगलवार रात से ही वन विभाग की टीमें व विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी थी। बुधवार को भी वन विभाग की टीमों ने मौके पर जांच की।
डीएफओ नवीन खंडेलवाल ने बताया कि टीम ने घटनास्थल के आसपास निरीक्षण किया। कॉम्बिंग में किसी भी वन्य जीव या बाघ के पग चिह्न नहीं पाए गए। साथ ही यह भी बताया कि घटना स्थल पर निरीक्षण के समय खेत में घसीटने के निशान भी नहीं पाए गए। साथ ही प्रेम के शरीर पर किसी भी प्रकार के वन्य जीव के पंजे, दांत, नाखून या वन्य जीव के हमले के स्पष्ट निशान मौजूद नहीं मिले। हालांकि युवक सीएचसी में भर्ती है। चिकित्सकों के अनुसार प्रेम अभी गहरे खौफ में है।