नोएडा। जिले में वीवीआईपी नंबर की नीलामी का नया रिकॉर्ड बना है। नई सीरीज यूपी16 सीजेड का 0001 नंबर 8,01,500 रुपये में नीलाम हुआ। वहीं 0007 नंबर की नीलामी 5,49,000 रुपये में हुई। इसी तरह 0008 नंबर 1,00,500 रुपये में खरीदा गया।
परिवहन विभाग में नई सीरीज के वीवीआईपी नंबरों की पहली नीलामी प्रक्रिया पूरी हो गई। नीलामी में 10 नंबरों को शामिल किया गया था। एआरटीओ प्रशासन एके पांडेय ने बताया कि 9999 नंबरों की र्नई सीरीज शुरू होने के बाद चार दिन पहले नंबरों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई थी। तीन दिन तक रजिस्ट्रेशन किए गए थे। शनिवार को नीलामी का रिजल्ट आ गया है। इस बार 0001 नंबर रिकॉर्ड कीमत पर नीलाम हुआ है। उन्होंने बताया कि 3333 नंबर एक लाख रुपये में और 4000 व 0099 नंबर 50500 रुपये में नीलाम हुआ।
अब रविवार से फिर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी जो बचे हुए नंबरों की नीलामी के लिए की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो लोग सामान्य पंसदीदा नंबर लेना चाहते हैं वह ऑनलाइन बुक करा सकते हैं। दोपहिया के लिए एक हजार और चार पहिया के लिए पांच हजार रुपये में नंबर मिल जाएगा।
डेढ़ माह से नहीं मिला रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, लोग परेशान
नोएडा। परिवहन विभाग में पिछले डेढ़ माह से रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट नहीं जारी किए जा रहे हैं। वहीं अधिकारियों ने जल्द समस्या दूर किए जाने का दावा किया है। परिवहन विभाग की ओर से वाहन पंजीकरण के एक सप्ताह के अंदर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट देने का दावा किया जाता है। मगर वाहन स्वामी पिछले डेढ़ माह से परेशान हैं। कई चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें सर्टिफिकेट नहीं मिला है। दीपक ने बताया कि उसने एक माह पहले वाहन का पंजीकरण कराया था। लेकिन आज तक आरसी नहीं मिली है। हर बार कागज की कमी बताकर वापस भेज दिया जाता है। एआरटीओ प्रशासन एके पांडेय ने बताया कि एक सप्ताह से 10 दिन में आरसी जारी कर दिया जा रहा है। कागज की कमी को लेकर शासन को अवगत कराया जा चुका है और जल्द ही समस्या भी दूर हो जाएगी। ब्यूरो