फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा में दिल्ली के तीन लड़कों के डूबने का मामला: सोमवार को एक और युवक का शव बरामद, यश गुप्ता का सुराग नहीं

Tue, 26 Jul 2022 06:42 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

कांवड़ लेने हरिद्वार गए दिल्ली के तीन युवक गंगा में डूब गए थे। जिनमें से दो युवकों के शव बरामद हो गए हैं। वहीं हादसे का शिकार हुए यश गुप्ता (21) का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है। 
विज्ञापन
गंगा में डूबे युवकों के परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में सोमवार लोगों का हुजूम लगा रहा। कांवड़ लेने हरिद्वार गए दिल्ली के तीन युवक गंगा में डूब गए थे। एक ही मोहल्ले के तीन लड़कों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। हादसे का शिकार हुए एक और युवक प्रियांशु श्रीवास्तव (22) का शव घटना स्थल से 10 किलोमीटर दूर बरामद हो गया।

विज्ञापन


वहीं रविवार को बरामद हुए अमन (23) के शव को परिजन देर शाम दिल्ली ले आए। हादसे का शिकार हुए यश गुप्ता (21) का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों का कहना है कि घटना स्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि हादसे के बाद विनीत के अलावा एक अन्य युवक को और गंगा से निकाला गया था। चूंकि उसके पेट में पानी भर गया था तो उसे अस्पताल भेज दिया गया। स्थानीय लोगों ने उसके यश होने का ही दावा किया है। ऐसे में परिजनों को लगता है कि यश कहीं जिंदा है। सोमवार को परिजनों ने हरिद्वार के सभी अस्पतालों में यश की तलाश की। वहीं गोताखोर भी उसकी तलाश करते रहे। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था।

विज्ञापन

यश के चाचा संजय गुप्ता ने बताया कि हादसे की खबर आने के बाद परिजनों के अलावा मोहल्ले के करीब 40 से 50 लोग हरिद्वार पहुंचे हुए हैं। अमन का शव रविवार को ही बरामद हो गया था। सोमवार को औपचारिताएं पूरी करने के बाद देर शाम शव लेकर परिवार दिल्ली लौट आया। वहीं प्रियांशु और यश की तलाश जारी रही। दोपहर के बाद प्रियांशु का शव भी बरामद हो गया। लेकिन यश का सुराग नहीं मिला।

यश के बड़े भाई प्रतीक ने बताया कि सोमवार को हरिद्वार में घटना स्थल के पास घाट पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद विनीत को पानी से निकालने के अलावा एक अन्य युवक को भी डूबने से बचाया गया था। पेट में पानी भरने की वजह से वह अचेत हो गया था, इसलिए उसे अस्पताल भेज दिया गया था। उस लड़के के यश होने की संभावना जताई जा रही है। इस बात को सुनने के बाद परिवार को उसके जिंदा होने की आस बंधी है। इस बात का जब यश की मां दीपाली को पता चला तो वह रो-रोकर भगवान से अपने बेटे सही-सलामत होने की दुआएं मांगने लगी। 

मानसरोवर पार्क में अमन के घर पर तो दिनभर ताला लटका रहा, लेकिन यश और प्रियांशु के घर के बाहर परिजनों व पड़ोसियों की भीड़ जुटी रही। बता दें कि शनिवार शाम को मानसरोवर पार्क इलाके से चार दोस्त अमन, यश गुप्ता, प्रियांशु श्रीवास्तव और विनीत उर्फ विन्नी बाइक व स्कूटी से कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। रविवार को गंगा में नहाने के दौरान गहरे पानी में पैर फिसलने से चारों डूबने लगे। विनीत को तो लोगों ने निकाल लिया। लेकिन बाकी तीनों युवक डूब गए। अमन का शव रविवार को ही बरामद हो गया था, लेकिन प्रियांशु और यश का सुराग नहीं लगा था। सोमवार को प्रियांशु का भी शव गंगा से मिल गया। अभी यश का पता नहीं चला है। उसके परिजन हरिद्वार में मौजूद हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें