गुड़गांव के सिकंदरपुर से गोल्फ कोर्स रोड तक रैपिड मेट्रो फेज-दो विस्तार के अंतर्गत सभी स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा नहीं होगी।
रैपिड मेट्रो प्रबंधन की ओर से अब तक दावा किया जा रहा था कि इस फेज के सभी स्टेशनों पर यात्रियों को पार्किंग सुविधा दी जाएगी। मगर अब प्रबंधन ने जमीन न होने की बात कहकर हाथ खडे़ कर लिए हैं।
यह भी पढ़ें:एक और मेट्रो स्टेशन NCR के खाते में
रैपिड मेट्रो फेज-दो के विस्तार का काम छह माह से चल रहा है। सिकंदरपुर से गोल्फ कोर्स तक इसके छह स्टेशन होंगे। यह प्रोजेक्ट वर्ष 2016 में पूरा हो जाएगा। प्रबंधन का कहना था कि यदि सरकार जमीन देगी तो पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। लेकिन लगता है कि सरकार के साथ प्रबंधन की बात नहीं बन पाई।
सीईओ व एमडी संजीव राय ने कहा है कि जमीन की कमी के कारण दूसरे फेज के हर स्टेशन पर पार्किंग नहीं बन पाएगी। सिर्फ अंसल चौक के पास एक बड़ी पार्किंग बनाई जाएगी। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।
चौक के पास डीएलएफ की जमीन खाली है। वहां 400 वाहन पार्क किए जा सकेंगे। फिलहाल जहां भी डीएलएफ की खाली जमीन है वहां आंशिक पार्किंग की सुविधा देने की कोशिश जारी है। रैपिड मेट्रो फेज-तीन में पार्किंग की सुविधा देने की पूरी योजना है। मगर फेज-तीन प्रोजेक्ट को हाईस्पीड मेट्रो अलाइनमेंट का इंतजार है।