द्वारका में अब सुबह व शाम के समय पीक ऑवर्स में किसी तरह के कर्मिशियल वाहन नहीं चलेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नोटिफिकेशन जारी कर द्वारका में कर्मिशियल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक के सुचारू संचालन, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों के आवागमन को सुचारू करने केलिए ये कदम उठाया गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के उपायुक्त (हेडक्वार्टर) रूपिंदर कुमार की ओर से मंगलवार को जारी एक नोटिफिकेशन में कहा गया है कि द्वारका सब-सिटी में ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए कदम उठाने जरूरी हैं। नोटिफिकेशन में कहा गया है कि द्वारका में कई मार्गो पर सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से लेकर रात 10 बजे तक हल्के, मध्यम और भारी कर्मिशियल वाहनों के चलने पर प्रतिबंध रहेगा।
ट्रफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल रोड नंबर-201-पालम फ्लाईओवर से लेकर द्वारका मोड(ककरौला मोड), रोड नंबर 202- दादा देव मेला ग्राउंड से सेक्टर 13/14 क्रॉसिंग द्वारका, रोड नंबर 205- सेक्टर-22 क्रॉसिंग द्वारका से ज्युडिशल एकेडमी द्वारका, रोड नंबर-208- सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन द्वारका से पुलिस स्टेशन द्वारका(नार्थ) और ड्रेन रोड- डाबडी क्रॉसिंग से मधु विहार क्रॉसिंग द्वारका आदि मार्र्गों पर ये बदलाव लागू होगा।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थानीय निकायों को कहा गया है कि वह जल्द ही बदलाव को लेकर साइनबोर्ड लगवाए। मार्गों को ठीक किया जाए। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोटिफिकेशन जारी होते ही कर्मिशियल वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध का फैसला लागू हो जाएगा।