कहासुनी के बाद व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या
बदरपुर में पश्चिम बंगाल निवासी मनोज लामा (44) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी मनोज के शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्जकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान बिहार निवासी संजय (47) और पश्चिम बंगाल निवासी फिरोज आलम (31) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मनोज ने 11 जून की रात बीयर पी थी। प्लेसमेंट एजेंसी के ऑफिस में किसी बात पर कहासुनी होने के बाद उसने फिरोज आलम के माथे पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद फिरोज और संजय ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी। हालत बिगड़ने पर वह उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
एम्स के ट्रामा सेंटर में युवक को चाकू से गोदा, बाउंसरों ने बचाया
एम्स के ट्रामा सेंटर में युवक को चाकू से गोदने का मामला सामने आया है। सेंटर के बाउंसरों ने युवक को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित आईसीयू में भर्ती है। सफदरजंग एंक्लेव पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना 13 जून की है। पीड़ित सोनू (30) अपने भाई मुकेश के साथ खिड़की गांव में किराए पर है। सोनू पानी सप्लाई करने का काम करता है। घटना से एक दिन पहले विक्की उसके पास आया और अपनी बहन के बारे में जानकारी मांगने लगा। जब उसने अनभिज्ञता जताई तो विक्की, उसकी मां व भाभी ने उसे पीटना शुरू कर दिया। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। सोनू ने बताया कि वह रात दो बजे जैसे ही ट्रामा सेंटर के मुख्य गेट पर पहुंचा तो वहां पर विक्की का भाई विकास, भोला व विकास की पत्नी मौजूद थी। विकास ने चाकू निकालकर सोनू पर वार किए। उसने करीब छह चाकू मारे।