देशभर में आए दिन ठगी के नए-नए मामले अब सामने आ रहे हैं। उत्तरी जिला के साइबर सेल ने एक ऐसे शातिर ठग को दबोचा है, जिसने इंस्टाग्राम पर 1.04 लाख फॉलोअर्स बनाए हुए थे। इसकी मदद से वह लोगों का भरोसा जीतकर उन्हें सवा लाख का आईफोन-12, महज 25 हजार में देने का झांसा देता था।
बाद में रुपये ऑन लाइन ट्रांसफर करने के बाद पीड़ितों के नंबर को ब्लॉक कर दिया जाता था। आरोपी ने देशभर के सैकड़ों लोगों को इसी तरह चूना लगाया है। तमिलनाडू के एक पीड़ित ने तो आरोपी की ठगी का एक वीडियो बनाकर यूट्यूब पर डाला हुआ है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पर्वतीय कालोनी पार्ट-1, एनआईटी-फरीदाबाद निवासी योगेश तिवारी (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन, 9 सिमकार्ड और ठगी की रकम से खरीदी गई एक बुलेट बाइक भी बरामद की है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने फोनोफी नाम से इंस्टाग्राम पर पेज बनाकर फॉलोअर्स और प्रोमो भी खरीदे हुए थे। फॉलोअर्स और प्रोमो देखकर लोग आरोपी के झांसे में आ जाते थे।
उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि मल्कागंज निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसने इंस्टाग्राम पर फोनोफी नाम से एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दावा किया गया था कि सवा लाख का आईफोन-12 प्रो 25 हजार में बेचा जाएगा। महिला ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया।
बातचीत के बाद पीड़ित ने आरोपी के खाते में 24,290 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कई दिनों के इंतजार के बाद भी पीड़िता के पास मोबाइल नहीं पहुंचा। पीड़िता ने आरोपी से संपर्क का प्रयास किया तो उसे ब्लॉक कर दिया गया। ठगी का अहसास होने पर 22 जुलाई को आरोपी की शिकायत की गई।
सब्जी मंडी थाने में मामला दर्ज हुआ, लोकल पुलिस के अलावा जिले के साइबर सेल ने भी जांच शुरू कर दी। एसआई रोहित सारसवत व एसआई रोहित भारद्वाज व अन्यों की टीम ने आरोपी की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को यूट्यूब पर एक और पीड़ित का वीडियो मिला, जिसमें वह ठगी की बात कर लोगों से सावधान रहने की गुजारिश कर रहा था।
उस वीडियो औश्र टेक्नीकल सर्विलांस के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया। जांच के दौरान आरोपी का नंबर बिहार में रजिस्टर्ड मिला, लेकिन उसकी लोकेशन फरीदाबाद की मिली। लंबी जांच के बाद पुलिस की टीम ने एनआईटी, फरीदाबाद में छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।
उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन समेत बाकी सामान बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से फोनोफी नामक पेज से ठगी कर रहा है। आरोपी सैकड़ों लोगों से ठगी कर चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
ऐसे करता था आरोपी योगेश तिवारी ठगी...
आरोपी योगेश तिवारी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह टेक सेवी है। उसे मोबाइल के अलावा ऑन लाइन ठगी के सारे तरीके पता थे। इसके तहत आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फोनोफी नामक एक पेज बनाया। आरोपी ने अलग-अलग एजेंसियों से इसके फॉलोअर्स व प्रोमो खरीदे। योगेश के इंस्टाग्राम पर 1.04 फॉलोअर्स हुए तो लोगों में उसका विश्वास बढ़ा। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने सवा लाख का फोन 25 हजार में देने की बात कर लोगों को ठगा। हालांकि आरोपी पहले गफ्फार मार्केट से चीन के आईफोन लाकर लोगों को चूना लगाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।