फुटओवर ब्रिज से बढ़ेगी सहूलियत
न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन की ऊंचाई करीब 22 मीटर है। यह एफओबी मेट्रो स्टेशन को आरआरटीएस स्टेशन के कॉन्कोर्स के नीचे की मंजिल से जोड़ेगा। मेट्रो स्टेशन के एएफसी गेट से पहले और आरआरटीएस स्टेशन के कॉन्कोर्स स्तर से नीचे एफओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके इस्तेमाल के लिए यात्रियों को किसी तरह का भुुगतान नहीं करना होगा।
दो और एफओबी का किया जा रहा है निर्माण
आस-पास के क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए एनसीआरटीसी इस स्टेशन पर दो और एफओबी का निर्माण कर रहा है। स्टेशन के एक तरफ चिल्ला गांव और मयूर विहार एक्सटेंशन के नजदीकी इलाकों को जोड़ने के लिए 42 मीटर लंबा और 6.5 मीटर चौड़ा फुटओवर का निर्माण किया जाएगा। दूसरी तरफ न्यू अशोक नगर क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सहूलियत के लिए प्राचीन शिव मंदिर के पास 45 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा एफओबी की सुविधा मुहैया की जाएगी।
हवाई अड्डा पहुंचना भी होगा आसान
न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन पर नोएडा से बड़ी संख्या में यात्री आते हैं। फुटओवर ब्रिज के तैयार होने से उन्हें सहूलियत होगी। भविष्य में मेरठ या हवाई अड्डा जाने के लिए भी यात्रियों को आनंद विहार या सराय काले खां जाने के बजाय न्यू अशोक नगर से ही सीधी रैपिड रेल की सुविधा उपलब्ध होगी। तीनों आरआरटीएस लाइनों का निर्माण पूरा होने के बाद इसी स्टेशन से सफर कर सकेंगे।
अंतिम छोर तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी
दिल्ली के सभी कोने तक बस सेवा मुहैया करने के लिए बसों के रूट रेशनलाइजेशन के लिए अध्ययन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अंतिम छोर तक पहुंचने के लिए परिवहन के विकल्प मुहैया करवाने को ध्यान में रखते हुए इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। कोशिश होगी कि घरों से 500 मीटर की दूरी पर बसों की सुविधा मुहैया की जाए। इसके लिए कुछ मार्गों में बदलाव भी किए जाएंगे, ताकि लोगों को और बेहतर सार्वजनिक बस परिवहन की सुविधा मिल सके। नई ई बसों के बढ़ते बेड़े के लिए नए रूट बनाने सहित अंतिम छोर तक पहुंचने के लिए उपयुक्त परिवहन साधन मुहैया करवाने के लिए मार्ग युक्तिकरण किया जा रहा है। दिल्ली के परिवहन मंत्री ने कैलाश गहलोत ने ट्वीट करके परिवहन आयुक्त और दिल्ली संवाद एवं विकास आयोग के उपाध्यक्ष के साथ इसकी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस अध्ययन को अमली जामा पहनाया जाएगा।