दिल्ली क्राइम ब्रांच ने द्वारका इलाके में एयरफोर्स कर्मी की हत्या का मामला सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मृतक की पत्नी का दूर का रिश्तेदार है। मृतक की पत्नी से निकटता बढ़ाने को लेकर आरोपी का झगड़ा हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या कर दी और ईको वैन से कुचलकर इस मामले को सड़क हादसा दर्शाने की कोशिश की।
क्राइम ब्रांच के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि गत वर्ष 28 दिसंबर की सुबह पुलिस को द्वारका सेक्टर-14 के पास सड़क हादसे की जानकारी मिली थी। मृतक की पहचान राजनगर पार्ट-दो निवासी अरुण के रूप में हुई। अरुण एयरफोर्स में कार्यरत था।
मृतक की बाइक घटनास्थल से काफी दूर द्वारका सेक्टर 23 में लावारिस मिलने और पोस्टमार्टम के दौरान उसके सिर को पत्थर से कुचले जाने की रिपोर्ट आने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिन पूर्व पत्नी के दूर के रिश्तेदार ब्रह्म प्रकाश से अरुण का झगड़ा हुआ था और घटना से पूर्व उसी ने फोन कर अरुण को बुलाया था। 19 फरवरी को ब्रह्म प्रकाश व उसके सहयोगी खजान सिंह को पुलिस ने दबोच लिया।
ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि उसके मामा की बेटी अरुण की पत्नी है। वह अकसर उससे मिलने के लिए अरुण के घर जाता था। इस पर दोनों में झगड़ा हुआ था और उसी का बदला लेने के लिए उसने अरुण की हत्या कर शरीर को ईको कार से कुचल दिया। पुलिस ने कार बरामद कर ली है।