सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, भीषण गर्मी के कारण 24 घंटे में 33 मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं, 13 मरीजों ने दम तोड़ दिया। जबकि डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पिछले 24 घंटे में भीषण लू के कारण 22 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल में चार मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा 19 शव को अस्पताल लाया गया। लोकनायक अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 18 नए मरीजों को भर्ती किया गया। चार मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल में अभी 22 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 24 घंटे में अस्पताल में करीब 15 शव लाए गए।
कोविड के बाद सबसे ज्यादा दाह संस्कार
दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बाद बड़ी संख्या में लोग दम तोड़ रहे हैं। दिल्ली के शमशान भूमि में पहुंचे शव की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा है। निगम बोध घाट की मुख्य प्रबंधक सुमन गुप्ता ने बताया कि बुधवार को आने वाले शवों की संख्या सामान्य से ज्यादा थी। इन्हें देखते हुए श्मशान घाट पर व्यवस्था बढ़ानी पड़ी है। अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाना पड़ा। कोरोना महामारी के बाद पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है। बुधवार रात 12 बजे तक 142 शवों का दाह संस्कार किया गया। निगम बोध घाट पर इस साल जून महीने में अभी तक 1101 शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
इससे पहले साल 2022 के जून में 1570 शव का दाह संस्कार हुआ था। वहीं जून 2021 में 1210, जून 2023 में 1319 शवों का अंतिम संस्कार किया गया था। उनका कहना है कि यदि बुधवार की तरह ही अगले कुछ दिनों तक शव आते हैं तो साल 2022 का रिकॉर्ड टूट सकता है। उनका कहना है कि यहां 14 जून को 43 शव, 15 जून को 53 शव, 16 जून को 70 शव, 17 जून को 54 शव, 18 जून को 97 शव, 19 जून को रात 12 बजे तक 142 शव अंतिम संस्कार के लिए आए। निगम बोध घाट के अलावा गाजीपुर, पंजाबी बाग सहित अन्य शमशान भूमि पर सामान्य से अधिक शव अंतिम संस्कार के लिए आए।
बेघरों के लिए हो बेहतर व्यवस्था : राजनिवास
दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी में जान गंवाने वालों में बड़ी संख्या में बेघर लोग हैं। उनकी बढ़ती संख्या को देखते हुए राजनिवास ने दिल्ली के मुख्य सचिव को इसके लिए व्यवस्था करने का आदेश दिया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के प्रधान सचिव आशीष कुंद्रा ने दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार को पत्र लिखा है। अपने पत्र में आशीष कुंद्रा ने लिखा कि दिल्ली में भीषण गर्मी के कारण पिछले दो दिनों में 20 लोगों की मृत्यु हुई है। अस्पताल आए 52 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। इनमें से अधिकतर बेसहारा बेघर लोग थे। इस घटना को देखते हुए एलजी के आदेश पर आप अपने स्तर पर समाज कल्याण विभाग, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करें। साथ ही बेसहारा, बेघर और गरीबों को पानी सहित अन्य सुविधाएं देने के लिए पर्याप्त उपाय किए जाए। साथ ही जिला मजिस्ट्रेटों को कहा गया है कि वह अपने अधिकार क्षेत्र में आश्रय गृहों और अस्पतालों का दौरा करें। जरूरत के आधार पर आपातकालीन व्यवस्था करें।