जुनैद और नासिर हत्या मामले में बजरंग दल के सदस्य मोनू मानेसर एक बार फिर सोशल मीडिया पर एक्टिव होने को लेकर चर्चा में आ गया है। करीब दो महीने बाद इंस्टाग्राम पर मोनू को ब्लू टिक मार्क दिया गया था। लेकिन एक न्यूज पोर्टल ने जब सोशल मीडिया इंस्टाग्राम से मोनू को ब्लू टिक दिए जाने को सवाल किया तो उसका अकाउंट ही हटा दिया गया। अप्रैल महीने में मोनू दोबारा सोशल मीडिया पर एक्टिव हुआ था। जबकि 8 फरवरी के बाद वह सोशल मीडिया पर दिखाई नहीं दे रहा था।
जुनैद-नासिर हत्याकांड की एफआईआर में मोनू मानेसर का नाम आया था। राजस्थान के भरतपुर निवासी जुनैद-नासिर के शव भिवानी में जली हुई कार में मिले थे। मोनू मानेसर का नाम एफआईआर में नामजद पांच लोगों में से एक था, लेकिन मामले की जांच कर रही राजस्थान पुलिस उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
मामला दर्ज होने पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हुआ गायब
बीते 16 फरवरी को मोनू मानेसर का नाम अपहरण व उसके बाद हत्या के मामले में दर्ज एफआईआर में आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से गायब हो गया था। लेकिन, अप्रैल की शुरुआत में, मोनू अपने यूट्यूब और इंस्टाग्राम चैनलों पर दिखना शुरू हुआ। इस हफ्ते की शुरुआत में, मोनू के प्रोफाइल पर ब्लू टिक था, जिससे साफ है कि उसका प्रोफाइल वेरिफाई हो चुका था। यूट्यूब पर शांत होने से पहले गत आठ फरवरी को मोनू का आखिरी पोस्ट था।
इंस्टाग्राम पर उसका आखिरी पोस्ट 12 फरवरी को था। आठ अप्रैल को यूट्यूब व 10 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर मोनू फिर दिखाई दिया। उसने अप्रैल में यूट्यूब पर जहां दो वीडियो अपलोड किए हैं, वहीं इंस्टाग्राम पर चार वीडियो अपलोड कर चुका है। हालांकि यह कहना मुश्किल है कि मोनू का सोशल मीडिया वह खुद ऑपरेट कर रहा है या कोई और कर रहा है।