दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा तक मेट्रो विस्तार की की कवायद तेज होने के साथ ही जीडीए ने मोहननगर चौराहे को भी जाम फ्री करने की तैयारी शुरू कर दी है। बनाने के लिए मंथन शुरू हो गया है। चौराहे को जाम को स्थायी रूप से खत्म करने के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन ट्रांसपोर्ट (आईयूटी), डीएमआरसी, एनएचएआई आदि विभागों से समन्वय किया जा रहा है। ग्रेड सेपरेटर, फ्लाईओवर जैसे स्थायी विकल्पों को आजमाया जा सकता है।
दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा मेट्रो का एक स्टेशन मोहननगर में बनेगा। इस कारण पहले से व्यस्त चौराहा और अधिक व्यस्त हो जाएगा। इसलिए जीडीए ने चौराहे को नए सिरे से डिजाइन करने की प्रक्रिया शुरू की है।
मोहन नगर चौराहे के ठीक सामने बने मॉल के कारण भी जाम की समस्या बढ़ने की आशंका है। इस पर जीडीए अधिकारियों ने मॉल मालिक से चौराहे को जाम फ्री कराने का प्लान बनाने का निर्देश दिया था, लेकिन मॉल मालिक ने सिर्फ मॉल को ही फायदे का डिजाइन तैयार कराया।
इसे जीडीए ने रिजेक्ट कर दिया है। अब उससे दोबारा प्लान मांगा गया है। जीडीए चीफ इंजीनियर वीके गोयल का कहना है किलोगों को सहूलियत देने के लिए मोहन चौराहे को जाम फ्री करने के लिए माथापच्ची जारी है।
एनएचएआई और डीएमआरसी अफसरों से भी सलाह ली जा रही है। जल्द ही योजना बनाकर काम शुरू कर दिया जाएगा।