मोबाइल के डिब्बे में निकला साबुन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : amar ujala
त्योहारों पर होने वाली ऑनलाइन सेल में एक युवक ने अच्छा ऑफर देखकर एक मोबाइल बुक किया। चार दिन बाद ही युवक के घर पर डिलीवरी बॉय मोबाइल की डिलीवर भी करके चला गया। जैसे ही युवक ने मोबाइल का डिब्बा खोला उसके होश उड़ गए।
डिब्बे में मोबाइल की जगह कपड़े धोने का साबुन था। युवक ने कंपनी से शिकायत की है, साथ में पुलिस को भी सूचना दे दी। छानबीन के बाद गाजीपुर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित सोहन लाल परिवार के साथ मयूर विहार फेज-3 में रहते हैं। 19 अक्तूबर को सोहन लाल ने एक नामी ऑनलाइन सामान बेचने वाली कंपनी से मोबाइल बुक करवाया था। मोबाइल बुक कराने के चार दिन बाद ही उनके घर पर डिलीवरी बॉय मोबाइल लेकर पहुंच गया। आरोपी ने पीड़ित को सामान दिया और जल्दी से चला गया।
सोहन ने मोबाइल का डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें साबुन निकला। फौरन पीड़ित ने कंपनी को ऑनलाइन शिकायत दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। छानबीन के बाद गाजीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आशंका जता रही है कि सामान डिलीवर करने वाले लड़के ने ही डिब्बे से मोबाइल उड़ाकर उसमें साबुन रखा होगा।