कविनगर थाना क्षेत्र के जी ब्लॉक में बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार रात करीब नौ बजे हार्डवेयर कारोबारी सतेंद्र गोयल से नकदी से भरा बैग लूट लिया। कारोबारी सतेंद्र उस समय अपनी स्कूटी लेकर दुकान से घर लौट रहे थे। नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर वारदात को अंजाम दिया है।
पीड़ित सतेंद्र ने पुलिस को बताया कि घंटाघर पर उनकी हार्डवेयर की दुकान है। वह स्कूटी पर दुकान से घर जा रहे थे। उनकी स्कूटी की डिग्गी में रखे बैग में साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी थी। जैसे ही वह कविनगर के जी ब्लॉक में पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगा दी।
अचानक में उन्होंने जैसे ही ब्रेक लगाकर स्कूटी रोकी तो वह स्कूटी के साथ गिर गए और उनकी डिग्गी में रखा बैग भी सड़क पर गिर गया। इतने में एक बदमाश बाइक से उतरकर आया और बैग लेकर दोनों बाइक पर सवार होकर भाग गए। उन्होंने कविनगर थाने में तहरीर दी है।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। घटना का खुलासा करने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।