दिल्ली के वेलकम इलाके में बदमाशों ने मूंगफली-चना कारोबारी की सर्जिकल ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। बदमाश चना खरीदने की बात कर घर में घुसे थे। कारोबारी माल दिलाने के लिए ले जाने लगा तभी एक नकाबपोश बदमाश ने पीछे से गला रेत दिया ।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कारोबारी जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने मूंगफली-चना कारोबारी की सर्जिकल ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए। कारोबारी के कर्मचारी उनको जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्यारों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जिस तरह से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे पुलिस आशंका जता रही है कि आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव बिसौली, बदायूं के रहने वाला भूरे खान अपने कर्मचारियों के साथ छज्जूपुर में किराए के मकान में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी फरजाना के अलावा दो बेटे और दो बेटिया हैं। इनका परिवार गांव में रहता है। भूरे वेलकम इलाके में चने और मूंगफली का कारोबार करते थे। भूरे के भतीजे शाहरुख ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे उसके चाचा अपने घर पर मौजूद थे। इस दौरान दो नकाबपोश बदमाश भूरे खान के घर में घुस गए। इन्होंने भूरे से कहा कि वह चने खरीदना चाहते हैं।
विज्ञापन
इस बात पर भूरे ने कहा कि चने घर में नहीं मिलेंगे। बाहर उसके कर्मचारी मौजूद हैं, वह उनको चने दिलवा देंगे। यह कहकर भूरे घर से बाहर निकलने लगे। इस दौरान पीछे चल रहे एक बदमाश ने अचानक सर्जिकल ब्लेड निकालकर उनका गला रेत दिया। हमले के बाद हत्यारे फरार हो गए। भूरे खान वहीं गिर गए। शोर-शराबा हुआ तो कर्मचारी उनको जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस हत्यारों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। कारोबारी के कर्मचारियों के अलावा उनके परिवार से भी पूछताछ की जा रही है।