राजधानी दिल्ली में मध्य जिला के प्रसाद नगर इलाके में सीबीआई अधिकारी बनकर एक ज्वैलर के कर्मचारी से लाखों रुपये के हीरे के गहने की ठगी करने का मामला सामने आया है। बदमाश कर्मचारी को जांच के लिए रोका और उसका बैग लेकर फरार हो गए। बैग में हीरे की 36 अंगूठी थी। जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। कर्मचारी की पहचान गौतम बेरा (38) के रूप में हुई है। वह करोलबाग स्थित एक ज्वैलर के पास काम करता है। गौतम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह मालिक के कहने पर वह पटेल नगर में रहने वाले एक ज्वैलर से 36 हीरे की अंगूठी लेकर ई-रिक्शा में बैठकर करोलबाग लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा रुकवा लिया। बाइक सवारों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया।
बदमाशों ने गौतम को यह कहकर डराया कि उन्हें सूचना मिली है कि उसके बैग में नशीला पदार्थ है। बदमाश उसका बैग चेक करने लगे। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को भी रोककर बैग चेक करने लगे। इसी दौरान उसका ध्यान भटकाकर बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।