आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने भारत के रास्ते विदेश भेजने के नाम पर श्रीलंकाई नागरिकों को ठगने वाले दो एजेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार एक एजेंट श्रीलंका जबकि दूसरा तमिलनाडु का रहने वाला है। नागरिकों से उन्हें कनाडा भेजने के नाम पर दो-दो लाख रुपये लिए थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट एजेंटों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मई के महीने में आठ मामलों में शामिल 9 एजेंटों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट थाने में तैनात निरीक्षक सतीश कुमार यादव 28 मई को इलाके में गश्त कर रहे थे। महिपालपुर पिकेट के पास उन्होंने 10 लोगों को संदिग्ध हालात में खड़े देखा। उनसे खड़े होने का कारण पूछा तो किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ की, जिसमें पता चला कि सभी श्रीलंकाई नागरिक हैं। उनमें से एक की पहचान जाफना, श्रीलंका निवासी महेंथिराजा के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वह एजेंट है, जो चेन्नई के एजेंट सेल्वाकुलेंद्रन के निर्देश पर श्रीलंकाई नागरिकों को फर्जी कागजात के जरिए भारत के रास्ते कनाडा भेजने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने महेंथिराजा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
महेंथिराजा से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक टीम गठित कर एजेंट सेल्वाकुलेंद्रन की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू की। तकनीकी निगरानी से पता चला कि एजेंट सेल्वाकुलेंद्रन तमिलनाडु के त्रिची में मौजूद है। पुलिस टीम ने दबिश देकर सेल्वाकुलेंद्रन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सेल्वाकुलेंद्रन ने बताया कि उसने सभी श्रीलंकाई नागरिकों को दिल्ली हवाई अड्डे से कनाडा भेजने का आश्वासन दिया था। सभी से इसके एवज में दो-दो लाख रुपये लिए थे। उसने बताया कि इन श्रीलंकाई नागरिकों को श्रीलंका में रहने वाले उसके परिचित विजय ने उनके पास भेजा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एजेंट महेंथिराजा के कब्जे से 2 मोबाइल और दो यात्रियों के नाम का कनाडाई वीजा स्टिकर बरामद किए गए। वहीं सेल्वाकुलेंद्रन के पास से दो भारतीय और दो श्रीलंकाई पासपोर्ट बरामद किए गए हैं।