मंत्री आतिशी ने तिमारपुर लाल बत्ती से चंदगीराम अखाड़ा तक सड़क सौंदर्यीकरण परियोजना को मंजूरी दी। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने परियोजना को मंजूरी दी है। हार्टिकल्चर के साथ खूबसूरती बढ़ाई जाएगी।
तिमारपुर लाल बत्ती से चंदगीराम अखाड़े तक की सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने सड़क सौंदर्यीकरण की परियोजना को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय होने के कारण यह सड़क बहुत महत्वपूर्ण है। यहां से रोजाना लाखों वाहन आवाजाही करते हैं।
विज्ञापन
इस योजना के तहत शानदार हार्टिकल्चर के साथ सड़क की खूबसूरती बढ़ाई जाएगी, साथ ही एलईडी लाइटों से सड़क को जगमगाने का काम किया जाएगा। सड़क की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ उसे यूजर फ्रेंडली बनाने पर भी फोकस किया जायेगा। पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए मरम्मत के साथ-साथ फुटपाथ में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। रोड स्ट्रेच की खूबसूरती बढ़ाने के लिए स्ट्रीट फर्नीचर के साथ-साथ स्कल्पचर भी लगाए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने परियोजना को मंज़ूरी देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सौन्दर्यीकरण के दौरान सेफ्टी-सिक्योरिटी व क्वालिटी के सभी मानकों का पालन हो और आवाजाही करने वालों को समस्या का सामना न करना पड़े।