दिल्ली का पीतमपुरा इलाका सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि पूसा इलाके की सुबह सबसे गर्म रही, यहां न्यूनतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तर भारत समेत दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। बीते 13 जून से तो अधिकतम तापमान लगातार 44 डिग्री और उससे ऊपर चल रहा है। जून में ही दो बार दिल्ली का तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है। एक जून को अधिकतम तापमान 45.8 और 17 जून को 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं दिल्ली में लू भी कहर बरपा रही है। इस माह में लू भी सात दिन तक चल चुकी है, जबकि इससे पहले 2014 में भी लू सात दिन तक चली थी। गर्मी का आलम यह है कि पंखे, एसी, कूलर सब फेल होकर गर्म हवा दे रहे हैं।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 44 डिग्री दर्ज व न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पीतमपुरा के बाद जाफरपुर इलाके में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान भी 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में मंगलवार को औसत तापमान भले ही सोमवार के मुकाबले में कम रहा लेकिन दिनभर लू के थपेड़े परेशान करते रहे, इस कारण से तापमान 46 डिग्री से अधिक ही महसूस हुआ। रात में भी गर्म हवा चलने के कारण लू की स्थिति ही रही। अब बुधवार को नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से 19 व 20 जून को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की बारिश होगी और आंधी चलने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
बीते एक सप्ताह का अधिकतम व न्यूनतम तापमान
| तारीख |
अधिकतम |
न्यूनतम |
| 17 जून |
45.2 |
33.0 |
| 16 जून |
44.6 |
33.2 |
| 15 जून |
44.6 |
32.4 |
| 14 जून |
44.0 |
33.3 |
| 13 जून |
44.8 |
29.4 |
| 12 जून |
44.7 |
28.5 |
| 11 जून |
43.8 |
28.0 |
दिल्ली का तापमान
अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस
19 जून को सूर्यास्त शाम 7 बजकर 22 मिनट
20 जून को सूर्योदय सुबह 5 बजकर 24 मिनट