रोहिणी के स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में मंगलवार को उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने मेगा बुक फेयर का उद्घाटन किया। यह 11 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें कुल 9,445 पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया है। यहां से 1024 सरकारी स्कूलों के प्रतिनिधि अपने छात्रों के लिए सही पुस्तकें खरीद सकते हैं।
इस दौरान मनीष सिसोदिया ने कहा कि बुक फेयर के माध्यम से स्कूलों और प्रकाशकों के लिए एक मंच प्रदान किया गया है, ताकि पारदर्शिता रहे। उन्होंने स्कूल प्रमुखों को सलाह दी कि किसी भी लालच में बिना पड़े समझदारी से पुस्तकों का चयन करें।
दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों के पुस्तकालयों के लिए शैक्षिक सत्र 2019-20 के लिए 9 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें से 50 फीसदी हिस्सा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों के विषयों की पुस्तकों के लिए और शेष 50 फीसदी सामान्य पुस्तकों के लिए होगा। स्कूल के प्रमुख इस फेयर का दौरा कर पुस्तकों का चयन कर सकते हैं।