प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 15.2 एमएम बारिश दर्ज हुई। वहीं राजधानी के रिज इलाके में सबसे ज्यादा 25 एमएम बारिश दर्ज हुई। एनसीआर की बात करें तो सबसे ज्यादा बारिश फरीदाबाद में 38 एमएम दर्ज हुई। इसके अलावा गुरुग्राम में 16.5 एमएम, गाजियाबाद में 2.5 एमएम, नोएडा में 25.5 एमएम बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग की माने तो रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की बारिश-गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। सोमवार से मौसम खुल सकता है। दिन मे धूप खिली रहेगी जिससे तापमान में मामूली बढ़त हो सकती है। दिल्ली में इस माह नौ दिन बारिश हो चुकी है जो साल 2020 के बाद सबसे बड़ा आकड़ा है।
बारिश के बाद भी प्रदूषण स्तर में बढ़त
दिल्ली में रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद भी प्रदूषण स्तर में मामूली बढ़त दर्ज की गई। शनिवार को दिल्ली का प्रदूषण सूचकांक 110 दर्ज किया गया जो शुक्रवार के मुकाबले सात अधिक है। दिल्ली एनसीआर की बात करें तो गुरुग्राम सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा। यहां का प्रदूषण सूचकांक 193 रहा। वहीं फरीदाबाद का 117, गजियाबाद का 92, ग्रेटर नोएडा का 124 और नोएडा का 84 दर्ज किया गया।
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के मुताबिक शनिवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। 26 सितंबर तक यह इसी श्रेणी में रहने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली में उत्तर-पश्चिम/उत्तर-पूर्व दिशाओं से 08-12 किमी की गति से हवाएं चली। रविवार को हवाओं की दिशा बदलकर पूर्व-उत्तर-पूर्वी/उत्तर होने की संभावना है। हवाओं की गति भी 12 किमी तक रह सकती है।