दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के छात्र मंगलवार से सरकारी स्कूलों के छात्रों को उनके घर जाकर पढ़ाई में मदद करेंगे। विश्वविद्यालय ने सरकारी स्कूलों के छात्रों की क्लास की पढ़ाई से लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की योजना तैयार की है। इसके लिए डीटीयू ने बाकायदा 'लैब ऑन व्हील' मोबाइल वैन भी तैयार की है। इसी योजना को मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया लॉन्च करेंगे।
कुलपति प्रो. योगेश सिंह के मुताबिक, डीटीयू की 'लैब ऑन व्हील' मोबाइल वैन मानवता की सेवा के लिए शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से विश्वविद्यालय को विश्व स्तरीय बनाने की योजना है। विश्वविद्यालय डीटीयू डिजिटल विलेज -लिट्रेट इंडिया के तहत 'लैब ऑन व्हील्स दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी' कार्यक्रम की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के स्कूली छात्रों को यह पढ़ाई में मदद करेगी। इसकी मदद से स्कूली छात्रों के अलावा ग्रामीण समुदाय को भी शिक्षित करने का काम होगा।
शिक्षा आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बने इस 'लैब ऑन व्हील' वाहन में 17 कंप्यूटर, 2 बड़े टीवी, एक 3डी प्रिंटर, एसी, कैमरे और सार्वजनिक उपयोग के लिए एक प्रिंटर भी लगाया गया है। डीटीयू के छात्रों की ही टीम विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों को शिक्षा प्रदान करने के लिए दिल्ली सरकार के विभिन्न स्कूलों का दौरा करेगी।
वाहन गांवों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक उपयोग के ऐसे स्थानों पर जाएगा,जो शिक्षा को बढ़ावा देते हैं। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय की टीम जरूरतमंद छात्रों की पढ़ाई के अलावा उच्च शिक्षा में दाखिले को लेकर विभिन्न राष्ट्री परीक्षाओं की तैयारी भी करवाएगी।
डीटीयू तैनात करेगा छात्रों की टीम
'लैब ऑन व्हील' वाहन के माध्यम से पढ़ाई, व्याख्यान, ट्यूटोरियल देने के अलावा स्कूलों के छात्रों और समुदाय के प्रिविलेज्ड बच्चों को पढ़ाने के लिए डीटीयू अलग-अलग छात्रों की टीम तैयार करेगा। डीटीयू अब उच्च शिक्षा के अलावा स्कूली छात्रों को उच्च शिक्षा से जोड़ने पर भी काम करेगा।