13 अक्तूबर को अपलोड किया डीपफेक वीडियो
पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अभिनेत्री के नाम से फेसबुक पर एक फैन पेज बना रखा। इसके अलावा दो अन्य मशहूर लोगों के नाम से भी पेज हैं। तीनों पेजों का प्रबंधन कर रहा था। रश्मिका के फैन पेज पर 90 हजार फालोअर्स थे, लेकिन अन्य पेज पर इससे अधिक फालोअर्स थे। ऐसे में फालोअर्स बढ़ाने के लिए उसने रश्मिका का डीपफेक वीडियो बनाया। उसने जारा का वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट से 12 अक्तूबर को लिया और उसके साथ छेड़छाड़ कर 13 अक्टूबर को फैन पेज पर पोस्ट किया। डीपफेक वीडियो की वजह से दो हफ्ते के अंदर उस पेज की फैन फालोइंग 90,000 से बढ़कर 1,08000 हो गई।
सोशल मीडिया पर सक्रिय, काम प्रमोटर का
आरोपी ने वर्ष 2021 में इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग से बीटेक किया है। उसने 2019 में गूगल गैराज से डिजिटल मार्केटिंग में सर्टिफिकेट कोर्स किया। साथ ही वेब साइट डेवलपमेंट, फोटोशाप, यू-ट्यूब से वीडियो एडिटिंग आदि की भी ट्रेनिंग ली। इसके बाद उसने फोटोशाप, इंस्टाग्राम चैनल प्रमोशन, यू ट्यूब वीडियो निर्माण, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन समेत कई डिजिटल की सेवाएं प्रदान करके घर से काम करना शुरू किया।
यूट्यूब से सीखा वीडियो बनाना
आरोपी ने यूट्यूब के एक चैनल से डीप फेक वीडियो बनाना सीखा था। अधिक फालोअर्स होने से पेज से आमदनी भी संभव है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि डीपफेक वीडियो अपलोड करने के बाद उसकी चर्चा हर कोई करने लगा उसे लगा कि यह राष्ट्रीय सनसनी बन गई है। रश्मिका समेत कई बड़ी फिल्मी हस्तियों ने एक्स पर उक्त वीडियो पर आपत्ति जताई थी।
कई राज्यों में की गई छापेमारी
मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीम गठित हुई। पुलिस ने गूगल से वीडियो काे अपलोड करने वालों की जानकारी मांगी। इसके आधार पर एक हजार करीब सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई। पुलिस टीम ने बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान समेत कई राज्यों में छापेमारी कर संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के बाद इंस्टाग्राम पर एक अकाउंट का पता लगा। इस अकाउंट की जांच से पुलिस पूरी चेन तक पहुंची, फिर आरोपी इमानी नवीन को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
रश्मिका ने जताया था दुख
अभिनेत्री रश्मिका ने 6 नवंबर को सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरी डीपफेक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसके बारे में बात करते हुए मुझे बेहद दुख हो रहा है। ईमानदारी से कहूं तो एआई सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि हममें से हर एक के लिए बेहद डरावना है, जो इस टेक्नोलॉजी के मिस यूज की वजह से खतरे में आ गए हैं।
असली वीडियो में थीं जारा पटेल
पिछले साल रश्मिका मंदाना का एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में हुबूहू रश्मिका की तरह दिखने वाली एक लड़की लिफ्ट में डीपनेक स्पेगिटी पहनकर चढ़ती नजर आ रही है। इसे देखने के बाद अभिनेत्री फैंस का दिमाग खराब हो गया था, हालांकि यह लड़की कोई और थी। कुछ ही समय बाद साफ हो गया था कि वह लड़की जारा पटेल है, जो एक ब्रिटिश इंडियन इंफ्लुएंसर हैं।