डीएम के आदेश पर प्रशासन ने बढ़ी हुई फीस वापस नहीं लेने पर वनस्थली और महाराज अग्रसेन स्कूल पर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
दरअसल डीएम एसवीएस रंगाराव ने जिले के सभी स्कूलों को बढ़ी हुई फीस वापस लेने के आदेश 25 अप्रैल को दिए थे। इसके बाद भी वनस्थली और महाराज अग्रसेन स्कूल ने बढ़ी हुई फीस वापस नहीं ली।
इसकी शिकायत सोमवार को इन स्कूलों में पढ़ने वाले कुछ स्टूडेंट्स के अभिभावकों ने डीएम से मिलकर की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एडीएम रक्षपाल सिंह को दोनों स्कूलों के खिलाफ इंद्रापुरम थाने में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
एडीएम ने बीएसए से इस संबंध में आख्या मांगी है। सूत्रों का कहना है कि प्रशासन ने दोनों स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी पूरी कर ली है। शाम तक सारी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ज्ञात हो कि इससे पूर्व डीपीएसजी द्वारा डीएम के आदेश के बाद भी बढ़ी फीस वापस न लेने पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।