उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने दो ऐसे बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक बदमाश अपनी बहन की शादी कराने के लिए लूटपाट करता था, जबकि दूसरा बदमाश अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए। आरोपियों की पहचान इकबाल उर्फ बबलू (24) और एहतेशाम उर्फ आशु के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी से गांधी नगर में कारोबारी से 30 लाख की लूट व वेकलम में शराब ठेके के मैनेजर से तीन लाख रुपये लूट समेत 26 वारदात को सुलझाने का दावा किया है। आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक और एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि एक सूचना के बाद सीलमपुर थाना प्रभारी राम अवतार त्यागी, एसआई रविंदर, मनोज तोमर व हवलदार लायक अली और अन्यों की टीम ने आरोपियों को जीटी रोड शास्त्री पार्क से दबोचा। पूछताछ के दौरान इकबाल ने बताया कि उसकी बहन की शादी होनी है, इसी वजह से वह लूटपाट कर रहा है।
वहीं एहतेशाम अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए लूट रहा था। लूटपाट के दौरान दोनों गोली चलाने से भी गुरेज नहीं करते थे। बदमाश बाइक, कैश, मोबाइल व अन्य कीमती सामान लूटते थे। पुलिस गैंग के बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
- पुलिस ने लूटपाट करने वाले गैंग के दो बदमाशों को दबोचा, दूसरा बदमाश गर्लफ्रेंड घुमाने के लिए करता था लूटपाट - वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी चला देते थे गोली, लूटपाट की 26 वारदातें सुलझाने का दावा
- बदमाशों ने गांधी नगर में कारोबारी से 30, वेलकम में शराब ठेके के मैनेजर से तीन लाख लूटे थे
- आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक, एक पिस्टल व कुछ अन्य सामान हुआ बरामद