दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना इलाके में रविवार रात को कबड्डी के मैच के दौरान एक खिलाड़ी को गोली मार दी गई। गोली माथे में लगी और सिर के ऊपर से बाहर निकल गई। उसे बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। मैच के दौरान प्वाइंट को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घायल खिलाड़ी स्कूल की तरफ से एक बार स्टेट लेवल पर कबड्डी का मैच खेल चुका है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सी-ब्लॉक और 20-ब्लॉक की टीमों के बीच 20-ब्लॉक, दक्षिणपुरी में कबड्डी मैच खेला जा रहा था। इस दौरान प्वाइंट को लेकर विवाद हो गया। विवाद ज्यादा बढ़ा, तो मैच देख रहे दो युवकों ने दक्षिणपुरी निवासी अविनाश (17) को गोली मार दी।
गोली अविनाश के माथे पर लगी और सिर के ऊपर से बाहर निकल गई। गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई। अविनाश 20-ब्लॉक की टीम की तरफ से खेल रहा था। घायल अवस्था में उसे बत्रा अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि गोली अविनाश के दिमाग से बचकर निकल गई। दिमाग को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें दिल्ली-एनसीआर में दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि अविनाश 11वीं कक्षा का छात्र है और स्कूल की तरफ से एक बार स्टेट लेवल पर कबड्डी का मैच खेल चुका है। डीसीपी रोमिल बानिया ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
-प्वाइंट को लेकर हुआ विवाद
-घायल को अस्पताल में कराया भर्ती, दो पर केस दर्ज
-गोली माथे में लगकर सिर के ऊपर से बाहर निकली
-स्टेट लेवल पर खेल चुका है कबड्डी का मैच