गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में स्थित अहिंसाखंड-2 स्थित निराला इडेन पार्क सोसायटी में बृहस्पतिवार की सुबह लिफ्ट चार फ्लोर के बीच अटक गई। लिफ्ट में मौजूद 71 वर्षीय बुजुर्ग 20 मिनट तक उसमें फंसे रहे और मदद के लिए चिल्लाते रहे।
गनीमत रही कि लिफ्ट में सफोकेशन की स्थिति नहीं बनी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। संयोग से एक बार 12वें फ्लोर पर लिफ्ट रुक गई और बुजुर्ग बाहर आ सके। रेजीडेंट्स ने मेंटीनेंस एजेंसी से शिकायत की, जिसके बाद लिफ्ट को सही किया जा सका।
घटना बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। आठवीं मंजिल पर रहने वाले आनंद सिंह भंडारी सुबह ग्राउंड फ्लोर पर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़े।
लिफ्ट का दरवाजा बंद होने के बाद जैसे ही उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर जाने का बटन दबाया, लिफ्ट नीचे जाने के बजाए ऊपर-नीचे होने लगी। लिफ्ट आठवीं मंजिल से 12वीं और 12वीं से आठवीं मंजिल पर जा रही थी। ये सिलसिला 20 मिनट तक चला। इससे बुजुर्ग घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाते रहे।