प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सफाई और शौचालय निर्माण पर जोर दे रहे हैं, तो रेलवे इसके नाम पर खेल करने में जुटा है। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों को सुविधा नसीब नहीं हो रही है। सबसे ज्यादा परेशान महिलाएं हैं। यह कहानी है क्लास वन स्टेशन की श्रेणी में शुमार फरीदाबाद स्टेशन का। यहां बनाए गए शौचालय में ताला लटक रहा है और पुराने में तोड़फोड़ करा मरम्मत कराई जा रही है। जबकि कुछ समय बाद बिल्डिंग नए भवन में शिफ्ट होगी।
रेलवे ने प्लेटफार्म नंबर-1 पर नए शौचालय का निर्माण कराया था, लेकिन वह आज तक जनता के लिए नहीं खोला गया। उसमें हमेशा ताला लटकता रहता है। उसी के बगल में बनाए गए अन्य शौचालय में तोड़फोड़ करके मरम्मत की जा रही है। ओल्ड स्टेशन पर हालत इस कदर खराब है कि महिलाओं को शौचालय जाने की कोई सुविधा नहीं है। मजबूरी में वह खुले में जाने को विवश होती हैं।
उत्तर रेलवे के कार्य निरीक्षक एके गुप्ता का कहना है कि यात्रियों से ज्यादा साधु और भिखारी आदि शौचालय का उपयोग कर उसे गंदा करते हैं। हो सकता है कि उसके लिए ताला लगा दिया गया हो। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए पुराने शौचालय की मरम्मत कराई जा रही है।