उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस इलाके में सीवर लाइन डालने के दौरान मिट्टी की ढाय गिरने से तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए। आनन-फानन में मजदूरों को निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त रोहित के रूप में हुई है।
पुलिस ने मजदूरों का बयान लेकर ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया है। पुलिस बाकी मजदूरों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब दो महीने से एच और आई ब्लॉक, शकूरपुर बस्ती के पास मेन रोड पर जलबोर्ड का ठेकेदार नितिन ठाकुर गहरी सीवर डलवाने का काम करवा रहा है। वहां पर अजय, सत्येंद्र, रोहित, राहुल, शेरपाल व अन्य काम कर रहे थे। मंगलवार को भी काम जारी था। जेसीबी क्रेन चालक संतोष खुदाई कर रहा था। गड्ढे में रोहित और सत्येंद्र सीवर के कनेक्शन जोड़ रहे थे। अचानक मिट्टी का ढेर उन पर गिर गया।
शेरपाल और राहुल बिना सोचे समझे उनको बचाने के लिए गड्ढे में उतर गए। इस दौरान एक मिट्टी का बड़ा टुकड़ा इन पर गिर गया। मिट्टी में रोहित, सत्येंद्र और अजय दब गए। साथी मजदूर व अन्य लोग तुरंत तीनों घायलों को मिट्टी से निकालकर अस्पताल ले गए। अस्पताल में रोहित को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में अजय और सत्येंद्र को भी गंभीर चोट लगी है। पुलिस ठेकेदार की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपो ठेकेदार को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।