दिल्ली में रोड शो के दौरान आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बरसे ऑटो ड्राइवर के थप्पड़ों ने दिल्ली की सियासत और गरमा दी है।
चुनाव से महज दो दिन पहले दिल्ली के पूर्व सीएम पर दनादन चांटे बरसाने वाले ऑटो ड्राइवर को केजरीवाल ने तो माफ कर दिया है लेकिन अब इस पर सियासी रंग गहराने लगा है।
केजरीवाल पर पड़े थप्पड़ों पर बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं ने बारी-बारी से चुटकी लेना तो शुरू ही किया, उन्होंने यह भी साबित करने का प्रयास किया कि थप्पड़ कांड की साजिश खुद अरविंद केजरीवाल ने ही रची थी।
हमले के बाद ऐसा क्यों करते हैं केजरी?
दिल्ली प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रबंधन व अभियान समिति के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल से पूछा है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और कोई साजिश कर रहा है तो वह उसे तुरंत माफ क्यों कर देते हैं? वो उसके घर जाकर उसे गले लगाने की नौटंकी क्यों करते हैं?
उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल के ऊपर अब तक दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में स्याही फेंकने, जूता चलाने व थप्पड़ मारने की घटनाएं हुईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सहानुभूति बटोरने के लिए इस तरह के कदम उठा रहे हैं। स्याही फेंकने और थप्पड़ मारने वालों की केजरीवाल समर्थकों द्वारा हल्की पिटाई भी इस साजिश का हिस्सा दिखती है।
'हमलावर का लाई डिटेक्टर टेस्ट हो'
उधर, कांग्रेस ने बीजेपी से एक कदम आगे जाते हुए उपराज्यपाल व पुलिस आयुक्त से केजरीवाल थप्पड़ कांड की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग है। पार्टी ने थप्पड़ मारने वाले ऑटो चालक के लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए भी कहा है।
मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि केजरीवाल पर स्याही फेंकने वाला भी AAP कार्यालय में काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP के नेता सस्ती लोकप्रियता व सहानुभूति बटोरने के लिए खुद ही हमले की योजना बनाते हैं।
मुकेश ने कहा है कि ऑटो चालक हमलावर एक दिन पहले तक केजरीवाल की पार्टी का प्रचार कर रहा था। हमलावर को यह कहते भी सुना गया था कि उसकी पार्टी कोई ऐसा बड़ा खेल करेगी, जिससे उनके पक्ष में सहानुभूति की लहर चल जाएगी।