वेस्ट यूपी का चर्चित बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र दिग्गजों की पसंद रहा है। यह सीट माननीयों को खट्टे-मीठे अनुभव कराती रही है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह यहां से कामयाब होकर देश की सबसे बड़ी पंचायत पहुंचे। बसपा मुखिया मायावती को मायूसी हाथ लगी।
केंद्रीय मंत्री डाक्टर छत्रपाल सिंह ने तीन बार यहां से संसद में नुमाइंदगी की। पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक प्रधान को जीत नसीब नहीं हो सकी। केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन खां और यूपी के पूर्व सीएम बनारसी दास भी यहां से संसद का सफर तय कर चुके हैं।
कल्याण का करिश्मा..
पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कल्याण सिंह का गढ़ माने वाली इस सीट पर उन्हें खुद और उनके पसंद के उम्मीदवार को जरूर कामयाबी मिली।
2004 में कल्याण सिंह ने रालोद-सपा समर्थित बदरुल इस्लाम को हराया। 2009 में सीट रिजर्व होने के कारण भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक प्रधान को मैदान में उतारा।
कल्याण सिंह को अशोक प्रधान पसंद नहीं थे। भाजपा ने उनकी बात नहीं मानी। नाराज कल्याण सिंह ने भाजपा को बाय-बाय कह दिया।
सपा के साथ मिलकर नए चेहरे कमलेश बाल्मीकि को मैदान में उतारकर अशोक प्रधान को पटखनी दिला दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री छत्रपाल सिंह ने यहां से भाजपा के टिकट पर तीन बार 1991, 1996, 1998 में जीत दर्ज की। ।
बसपा का फ्लॉप शो..
बसपा मुखिया मायावती ने 1991 में इस लोकसभा सीट पर किस्मत आजमाई। उनका सामना यहां भाजपा, सपा और कांग्रेस के दिग्गजों से हुआ। बसपा प्रमुख पूर्व सीएम बहनजी की जादू इस सीट पर नहीं चला। वह चौथे नंबर पर रही। हार के बाद मायावती ने कभी इस सीट पर किस्मत नहीं आजमाई।