विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) में भी अब ज्वाइंट सेक्रेटरी और डायरेक्टर सीधी भर्ती से आएंगे। यूजीसी ने सीधी भर्ती से ज्वाइंट सेक्रेटरी (ओबीसी) और डिप्टी सेक्रेटरी (एसटी) पद के लिए उम्मीदवारों का चयन कर लिया है। इसके अलावा ज्वाइंट सेक्रेटरी डेपुटेशन के लिए योग्य उम्मीदवार चयनित कर लिये हैं। अब सलेक्शन कमेटी इन सभी शार्टलिस्टिड उम्मीदवारों में से चयन करेगी।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने सोमवार को चयनित उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसमें से सीधी भर्ती के तहत ज्वाइंट सेक्रेटरी (ओबीसी) पद के लिए 10 उम्मीदवारों का चयन किया है। जबकि ज्वाइंट सेक्रेटरी डेपुटेशन के तहत 35 उम्मीदवारों को चयनित किया गया है। इसके अलावा डिप्टी सेक्रेटरी (एसटी) पद के लिए छह उम्मीदवारों के नाम चयनित हुए हैं। यूजीसी सलेक्शन कमेटी के समक्ष इंटरव्यू की डेट की सूचना अलग से जारी करेगी। आयोग का कहना है कि सलेक्शन कमेटी मेरिट के आधार पर नाम फाइनल करेगी।
अभी तक यूजीसी में सभी अधिकारी शिक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारी डेपुटेशन पर आते थे। केंद्र सरकार द्वारा ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर सीधी भर्ती से नियुक्ति नियमों में संशोधन के बाद अब यूजीसी भी सीधी भर्ती से ज्वाइंट सेक्रेटरी की नियुक्ति कर रही है।