कोरोना संक्रमण की वजह से सर्राफा बाजार में छाई मंदी को अक्षय तृतीया ने ऑक्सीजन दिया है। दो साल बाद इस बार आभूषण बाजार की चमक लौटी। दिल्ली के जूलरी बाजारों में खरीदारी का आंकड़ा 500 करोड़ रुपये के पार चला गया। कारोबारियों का कहना है कि इस दौरान करीब 500 किलो सोना बिका है। वहीं, चांदी का करीब 4,500 किलो की बिक्री हुई।
अक्षय तृतीया शुभ दिन होने की वजह से शादी विवाह के लिए गहनों की खरीदारी की शुरुआत लोगों ने की। छोटे-बड़े हर आभूषणों की दुकान पर भीड़ लगी रही। भले ही लोगों ने भारी आभूषण कम मात्रा में खरीदा लेकिन इस शुभ दिन पर बाजार में रौनक रही। उधर, पूरे देश में 15,000 करोड़ रुपये का सोने के आभूषणों का व्यापार होने का भी कुछ व्यापारिक संगठनों ने दावा किया है और 15-20 टन सोना की बिक्री हुई है।
एसोसिएशन ऑफ डायमंड एंड ज्वैलरी के महासचिव गुरमीत अरोड़ा ने बताया कि उम्मीद के मुताबिक भले ही बाजार नहीं उठा लेकिन खरीदारी अच्छी हुई। गर्मी की वजह से कुछ लोग दूरी बनाए रहे लेकिन शाम होते-होते खरीदारी तेज हो गई। 2 ग्राम से लेकर 10 ग्राम तक के सोने के सिक्के की खरीदारी हुई। जिनके घर में शादी है उन्होंने गहने की खरीदारी अक्षय तृतीया से शुरू की। दिल्ली बुलियन एंड ज्वेलर्स वेलफेयर एसोसिएशन कूंचा महाजनी के अध्यक्ष विमल गोयल व महासचिव प्रेम प्रकाश शर्मा ने कहा कि पिछले दो लॉकडाउन की अपेक्षा इस साल खरीदारी ठीक रही और बाजार में भी खरीदार पहुंचे। सोना-चांदी के साथ ही हीरे के आभूषणों की भी अच्छी सेल हुई।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल व ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा की दो वर्ष के अंतराल के बाद सोने-चांदी का लगभग 15 हजार करोड़ का व्यापार हुआ। इस साल बेहतर खरीदारी होने से लग रहा है देश कोरोना की स्थिति से उबर गया है। दिल्ली 4395 हॉलमार्क पंजीकृत जेवेलर्स है। यहां 450 किलो सोने की बिक्री हुई। जिसकी कीमत 230 करोड़ रुपये है। चांदी 4500 किलो बिका। इसकी कीमत 28 करोड़ रुपये। सोना और चांदी की बिक्री जोड़ दी जाए तो कुल 258 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। लखनऊ में 1215 हॉलमार्क पंजीकृत ज्वेलर्स है। यहां 121 किलो सोना बिका। और चांदी 1200 किलो। सोना-चांदी की कुल 72 करोड़ रुपये की हुई।
प्वाइंटर:
. 2019 में अक्षय तृतीया पर सोना 32,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी 38,350 रुपये प्रति किलो।
. 2021 की प्रथम तिमाही में गोल्ड बार और सिक्के 39.3 टन सोने का आयात किया गया।
. 2022 की प्रथम तिमाही में यह बढ़ कर 41.3 टन पहुंच गया।
. गोल्ड ज्वेलरी के रूप में 2021 के प्रथम तिमाही में आयात 126.5 टन किया गया।
. 2022 की प्रथम तिमाही में 94.2 टन आयाज किया गया।
. 2019 में देश भर में सिर्फ अक्षय तृतीया पर ही लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के सोने की बिक्री हुई।
. 2020 में अक्षय तृतीया पर मई माह में लॉकडाउन होने के कारण 500 करोड़ के आसपास ही हुई थी।