एनसीआर का परमिट लेकर दिल्ली रूट पर चलने वाले ऑटो चालकों की परेशानी कम नहीं हो रही। नया किराया अब तक तय न होने से ऑटो चालकों को पुराने रेट पर ही चलना पड़ रहा है, जिससे उनका खर्च भी नहीं निकल पा रहा।
दरअसल, दो सप्ताह पूर्व नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले एनसीआर ऑटो के परमिट जारी किए गए थे। उस समय ऑटो चालकों को आश्वासन दिया गया है कि एक-दो दिन में ही दिल्ली के बराबर किराया तय होकर शासन से आदेश आ जाएगा।
बता दें कि मौजूदा समय में नोएडा-गाजियाबाद में मीटर डाउन करने का रेट 6.86 रुपये और उसके बाद प्रत्येक 500 मीटर का किराया 3.26 रुपये है, जबकि दिल्ली में मीटर डाउन करने का रेट 25 रुपये और किराया 8 रुपये प्रति किलोमीटर है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने एनसीआर ऑटो के लिए दिल्ली के बराबर ही किराया तय करने का निर्णय ले लिया है, मगर अब तक इसका शासनादेश न होने के कारण पुराना रेट ही लागू है, जिससे ऑटो चालक परेशान हैं।
चालक सुनील पासवान ने बताया कि दिल्ली जाने वाले यात्री मीटर से चलते हैं। मीटर में पुराना किराया फीड होने के कारण सवारियों को सस्ता पड़ता है, मगर चालकों को नुकसान हो रहा है।
सुनील का कहना है कि अगर नया रेट जल्द न लागू हुआ, तो ऑटो घर खड़ा करने के सिवाय कोई विकल्प नहीं बचेगा। हालांकि आरटीओ मयंक ज्योति ने एक-दो दिन में ही नया रेट शासन से आ जाने की उम्मीद जताई है।