स्वतंत्रता दिवस आने में केवल एक दिन शेष रह गया है। पतंगों का बाजार खरीदारों से गुलजार हो गया है। लोगों के बीच सबसे अधिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली पतंग की धूम है। साथ ही, बाजारों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राहुल गांधी की प्रिंट वाली पतंग की खूब मांग है। यही नहीं, बच्चों के बीच कार्टून कैरेक्टर वाली पतंग भी खूब छा रही हैं। इसमें टॉम एंड जेरी, छोटा भीम व डोरेमॉन वाली पतंगें बच्चों को लुभा रही हैं।
वहीं, मझोला, ढाई वाला साइज, अद्धा व पौना नाम से मशहूर पतंगें भी पतंगबाजी के शौकीनों के लिए दुकानों पर बिक रही हैं। आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें उड़ना शुरू हो गई हैं। बाजार में अलग-अलग तरह की पतंगे उपलब्ध हैं। बाजार लाल कुआं, सदर बाजार, करोल बाग, सीलमपुर के पतंग बाजार में बिक रही यह रंग-बिरंगी पतंगें पतंगबाजी का शौक रखने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। 15 अगस्त के उपलक्ष्य पर राजनेताओं के साथ अभिनेताओं की तस्वीर वाली पतंगों की भी खूब मांग है। इस बार बाजारों में अलग-अलग प्रिंट की पतंग आई हैं। बाजार में पतंगों की स्थाई से लेकर अस्थाई दुकानें सजी हुई है। पतंगों के लिए मशहूर बाजार लाल कुआं में यह पतंग 30 रुपये से दो सौ रुपये की कीमत में बेची जा रही हैं। लाल कुआं व सीलमपुर बाजार में दूर-दूर से लोग पतंग खरीदने पहुंच रहे हैं। तिरंगा रंग, नजर बट्टू व शतरंज प्रिंट वाली पतंग भी खूब चर्चा में हैं।
लाल कुआं बाजार में 25 साल से पतंगों का कारोबार कर रहे दुकानदार रमेश ने बताया कि इस बार पीएम मोदी ने तिरंगा लगाने की अपील की है। जिसके चलते लोग खूब तिरंगा प्रिंट वाली पतंग खरीदने पहुंच रहे है। जिससे इनके दाम बढ़ गए हैं। उन्होंने बताया कि वह लोगों के अपील करते हुए कहते हैं कि कोई भी चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करे।
बच्चों के बीच कार्टून चित्र वाली पतंगों की धूम
पतंग बाजार में जहां बड़ों के लिए अलग-अलग डिजाइन की पतंगें उपलब्ध हैं, तो वहीं बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली पतंग मौजूद हैं। इसमें छोटा भीम, डोरेमॉन, मोटू पतलू जैसी पतंगें हैं। जो बच्चों को खूब भा रही है। पटेल नगर से अपने पिता के साथ पतंग की खरीदारी करने आए कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्हें कार्टून देखना बहुत पसंद है, जिसके लिए उन्होंने कई सारी कार्टून चित्र वाली पतंगों की खरीदारी की है। जिसमें टॉम एंड जेरी, छोटा भीम व डोरेमोन, मोटू पतलू सहित अन्य पतंगें खरीदी है। उन्होंने बताया कि अपनी बहन के लिए बार्बी, सिंडरेला, क्वीन सहित अन्य कार्टून चित्र वाली पतंग खरीदी है।
मोदी और योगी वाली पतंग के ज्यादा ऑर्डर
सीलमपुर में दुकानदार सलमान अली ने बताया कि इन दिनों अच्छा कारोबार हो रहा है। लोग मोदी व योगी की प्रिंट वाली पतंग के लिए सबसे ज्यादा आर्डर दे रहे हैं। आरके पुरम से पतंगों की खरीदारी करने आए विनीत ने बताया कि मोदी अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सबसे अधिक लोकप्रिय नेता हैं। जिसमें युवा सबसे अधिक उन्हें पसंद करते हैं। हर वर्ष पतंगों में नया प्रिंट होता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कई सारी स्लोगन लिखी पतंगें भी खरीदी हैं, जिनमें नई सोच नई उम्मीद, आइ लव माय इंडिया, मेरा देश महान जैसे स्लोगन लिखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त का इंतजार पूरे साल करते है।