कमला नेहरूनगर में सोमवार को दिनदहाड़े इनकम टैक्स के असिस्टेंट ट्रांसलेटर के घर से लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया गया। वारदात के समय असिस्टेंट ट्रांसलेटर ड्यूटी पर थे, पत्नी दिल्ली गई थी और 9वीं क्लास में पढ़ने वाला बेटा दोस्त के घर गया था। ड्यूटी से घर लौटने पर चोरी का पता चला। कविनगर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
कमला नेहरूनगर के क्वार्टर संख्या-451 में सुशील कुमार चोपड़ा पत्नी जगजीत कौर और बेटे रमेंद्र के साथ रहते हैं। जगजीत कौर ने बताया कि सोमवार को वह दिल्ली स्थित मायके गई थी। पति ड्यूटी गए थे। घर पर बेटा अकेला था।
शाम साढ़े तीन बजे बेटा पढ़ाई करने के लिए दोस्त के घर चला गया। शाम पौने पांच बजे पति सुशील के घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि चोर घर में रखे गैस सिलेंडर, चूल्हा, कपड़े, अटैची, हजारों की नगदी, ज्वैलरी और घरेलू सामान ले गए।
100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया। थाने में तहरीर दे दी है। मंगलवार को एसपी से मिलकर शिकायत करेंगे। कविनगर एसएचओ अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।