महापौर बोले सड़कों को जाम मुक्त बनाना प्राथमिकता
दक्षिणी निगम के महापौर मुकेश सूर्यान ने बताया कि सड़कों को जाम मुक्त बनाना निगम की प्राथमिकता है। ईद के बाद तेजी से एक्शन लिया जाएगा। पूर्वी निगम के महापौर ने क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ धीमी कार्रवाई के लिए अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कार्रवाई तेज करने के लिए निगम आयुक्त को पत्र लिखा है। दिल्ली की सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ निगम की इस कार्रवाई का राजनीतिक रूप से विरोध देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी के पार्षद इस कार्रवाई का विरोध करते नजर आए। उनका मानना है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर कमजोर तबके के के खिलाफ ये कार्रवाई हो रही है।
निरीक्षण नहीं एक्शन करे प्रशासन
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विभागीय स्तर पर तेजी लाने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन उनको अतिक्रमण के खिलाफ शिकायतें मिल रही हैं। अवैध निर्माण और अतिक्रमण के कारण लोग परेशान हैं। कई लोगों ने अपने मकान को सड़कों तक बढ़ाकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। निगम के स्कूलों और समुदायिक भवनों के बाहर अवैध कब्जे हैं। इसका स्थायी हल निकालने के लिए मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाना बहुत आवश्यक है। इस काम में तेजी लाने के लिए उन्होंने निगमायुक्त और अपर आयुक्त को पत्र लिखकर निरीक्षण न करके सीधा एक्शन में आने के लिए कहा है।