खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो ढाई और साढ़े चार साल की दो बेटियां उसके शव के पास रोती हुई मिलीं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पारुल की मौत की वजह पता नहीं चल रही थी। पोस्टमार्टम करवाने पर पुलिस को पता चला कि पारुल का गला घोंटा गया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को दबोचा।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब पौने नौ बजे पुलिस को खबर मिली कि वजीराबाद गांव, गली नंबर-14 में एक महिला की लाश पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां महिला की दोनों बच्चियां शव के पास रोती हुई मिलीं। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पारुल के परिजनों को खबर दी गई। महिला का पति वेद प्रकाश तिवारी अपना मोबाइल फोन बंद कर गायब मिला। पुलिस ने अगले दिन शव का पोस्टमार्टम करवाया तो पता चला कि महिला की हत्या हुई है। हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू हुई।
आरोपी की तलाश शुरू हुई। इस बीच वेद प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पहले ऑटो चलाता था। फिलहाल कुछ दिनों से वह बेरोजगार था। उसे शक था कि उसकी पत्नी की किसी अन्य युवक से दोस्ती है। इसी बात पर उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। गुस्से में उसने पत्नी की हत्या कर दी। बाद में वह फरार हो गया।