दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम की कार्रवाई
- फोटो : ANI
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के निर्देश पर आतंकवाद विरोधी रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत ड्रग्स को लेकर पहली बार कार्रवाई की है। केंद्रीय गृहमहंत्री के निर्देश पर ही ड्रग्स को लेकर यूएपीए के तहत देश में पहला मामला दर्ज किया गया है। पहली बार ही में ही दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिल गई है। दूसरी तरफ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अफगानिस्तान से ड्रग्स मंगवाकर भारत में आतंकवाद को फैला रही है।
आईएसआई के इशारे पर ड्रग्स अफगानिस्तान से ईरान जाती थी। ईरान से भारत के विभिन्न बंदरगाहों पर आती हैं। बंदरगाहों से दिल्ली व यूपी लाकर देश के अन्य हिस्सों में सप्लाई की जाती है। स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री ने नारको-टेरिज्म को रोकने लिए सख्त आदेश दिए थे, ताकि आतंकवाद को रोका जा सके। इसके तहत दिल्ली पुलिस ने यूएपीए के तहत तीन मामला दर्ज किए है।
इनमें यूएपीए के तहत मामला गैंगस्टर लारेंस बिश्रोई के खिलाफ आतंक फैलाने को लेकर दर्ज किया गया है। लारेंस बिश्रोई ने हाल ही में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या करवाई थी। यूएपीए का दूसरा मामला गुरूग्राम के गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ दर्ज किया था। कौशल चौधरी पंजाब के देवेंद्र बांबहिया गिरोह का साथ दे रहा है। यूएपीए के तहत तीसरा मामला ड्रग्स बेचकर आतंकवाद फैलाने को लेकर दर्ज किया गया है। सभी मामले स्पेशल सेल की लोधी कॉलोनी यूनिट में दर्ज किए गए हैं।
स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार नारको-टेरिज्म पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अफगानी नागरिकों मुस्ताफा स्टानिकजई(23) और रहीमुल्लाह रहीमी(44) को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईएसआई ने आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए ड्रग्स की बड़े पैमाने पर सप्लाई करना शुरू कर दिया है। हाल ही में गुजरात में भी ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी गई थी।