दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर जाम में फंसी गाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह करीब 5 घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। पीक ऑवर्स में जाम लगने से करीब छह किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जीएमडीए द्वारा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड बंद किए जाने और खेड़कीदौला टोल से पहले ट्रॉला खराब होने के कारण यह जाम लगा।
इसके कारण टोल प्लाजा से लेकर हीरो होंडा चौक तक करीब 15 हजार से अधिक गाड़ियां फंसी रहीं। जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने एक्सप्रेसवे को टोल फ्री करवाकर जाम खुलवाया। करीब पांच घंटे बाद यातायात सुचारू रूप से चल सका।
गुरुग्राम विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा हीरो होंडा चौक से खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक सर्विस रोड की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इसके कारण नरसिंह पुर के समीप बने सर्विस रोड के कट को बंद कर दिया गया है।
बहरामपुर सहित अन्य स्थानों को सर्विस रोड के जरिए जाने वाले वाहन चालकों को खेड़कीदौला टोल प्लाजा से यूटर्न लेकर आना पड़ रहा है। ऐसे में यहां जाम की समस्या बन रही है।
इसके अलावा मंगलवार को टोल प्लाजा के पास ट्रॉला भी खराब हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण यहां भीषण जाम लग गया। करीब छह किलोमीटर तक लगे लंबे जाम से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। इसे खुलवाने में पुलिस को करीब 5 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
वाहनों का विपरीत दिशा में आना भी बना कारण
मंगलवार को एक्सप्रेस-वे पर दो ट्रॉले खराब हो गए थे। इसके कारण जाम की स्थिति तो रही ही। साथ ही साथ खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास ट्रालों के सर्विस रोड पर यू टर्न लेने के कारण पूरा रोड बंद हो रहा था। उधर, मानेसर की तरफ से आने वाले अनेक वाहन बहरामपुर जाने के लिए खेड़कीदौला टोल प्लाजा से विपरीत दिशा में होकर सर्विस रोड पर चढ़ते हैं। यह भी जाम का कारण बना हुआ था।
रोजाना करीब 30 हजार वाहन
एक्सप्रेस- वे पर से रोजाना 30 हजार से भी अधिक वाहन दिल्ली से जयपुर की तरफ जाते हैं। कार्य दिवस में इनकी संख्या करीब डेढ़ गुना तक बढ़ जाती है। मंगलवार को एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यहां वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा।
नरसिंहपुर के पास बने सर्विस रोड के कट को बंद कर देने से दिक्कत काफी बढ़ी है। जीएमडीए द्वारा सर्विस रोड का निर्माण करवाया जा रहा है, लेकिन निर्माण करवाने वाले कर्मचारियों की अनियमितता के कारण परेशानी हो रही है। एक्सप्रेस-वे पर खराब ट्रॉले को तुरंत हटवा दिया गया। ट्रॉले द्वारा बाई तरफ से ही यूटर्न लेने के कारण भी यह दिक्कत हो रही है। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया।
- जय प्रकाश, यातायात निरीक्षक-1, गुरुग्राम