फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: मानसून की पहली बारिश ने तोड़ा गर्मी का गुरूर, आज भी तेज बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Fri, 01 Jul 2022 11:53 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए बृहस्पतिवार को समूचे उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में पहुंच चुका है। सुबह साढ़े 11 बजे तक लगातार तीन घंटे दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश हुई।
विज्ञापन
बारिश - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बीते 24 घंटे में आगे बढ़ते हुए उत्तर भारत के राज्यों में दस्तक दे दी है। बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर में मानसून की पहली बारिश हुई। सुबह साढ़े 8 से शाम साढ़े 5 बजे तक 116.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसका असर धरती से आसमान तक पर पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। भारी बारिश होने की भी पूरी संभावना है।
विज्ञापन


सड़कों के साथ कई इलाकों में घरों तक में पानी भर गया। कई मार्गों पर जाम रहा। ट्रेन व विमान देरी से चले। बारिश ने गर्मी का गुरूर कम कर दिया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून आगमन के साथ अब उमस भरी गर्मी का दौर खत्म हो गया है। अगले 24 घंटे में भी दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक राजेंद्र जेनामणि के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए बृहस्पतिवार को समूचे उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में पहुंच चुका है। इन राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, सुबह साढ़े 11 बजे तक लगातार तीन घंटे दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश हुई। यही वजह है कि सफदरजंग मानक केंद्र पर सुबह साढ़े 8 से साढे़ 11 बजे तक 64.8 मिमी व 11:30 बजे से दोपहर ढाई बजे तक 45.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 
विज्ञापन


इस सप्ताह राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसलिए मध्यम रफ्तार से हवा चलने के साथ तेज बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में पूरे सप्ताह लोगों को उमस भरी गर्मी से मिली राहत जारी रहेगी। 

29.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का तापमान
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। तड़के मौसम ने करवट लेना शुरू किया। सुबह से शाम तक रुक-रुककर रिमझिम बारिश दिल्लीवालों के लिए राहत बनकर बरसी। इससे अधिकतम पारा सामान्य से सात डिग्री लुढ़ककर 29.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 62 से 100 फीसदी रहा। सफदरजंग के बाद दिल्ली के लोदी रोड मानक केंद्र पर सबसे अधिक 107.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम मयूर विहार मानक केंद्र पर 0.5 मिमी दर्ज हुई।
विज्ञापन

भारी बारिश के बाद पहले टेस्ट में पास हुई दिल्ली सरकार: सिसोदिया
दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि भारी बारिश के बाद पहले टेस्ट में दिल्ली सरकार पास हो गई है। सात जल जमाव वाले क्षेत्रों में से छह स्थानों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। बाकी स्थानों पर समस्या के समाधान के लिए सरकार युद्ध स्तर पर तैयारी में जुटी हुई है।

दिल्ली में जलजमाव की समस्या को लेकर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से मानसून की पहली बारिश के बाद की स्थितियों का विस्तृत ब्योरा लिया। उन्होंने कहा कि घंटों तक बारिश होने के बावजूद पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों के अलर्ट रहने की वजह से बहुत कम जगहों पर जल जमाव की समस्या रही। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले एक साल में जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए थे। पिछले सालों तक 7 गंभीर जल जमाव वाले क्षेत्रों में से 6 स्थानों पर इस साल किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। 

उन्होंने बताया कि आईटीओ के समीप डब्ल्यूटीओ बिल्डिंग के सामने, मिंटो ब्रिज, जखीरा अंडरपास, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन रोड, कराला कन्झवाला रोड, लोनी गोलचक्कर पर कई वर्षों से गंभीर जल जमाव होता था, लेकिन पिछले एक साल में उठाए गए कदमों की वजह से तथा पिछले 4-5 महीनों में पीडब्ल्यूडी व अन्य एजेंसियों ने कड़ी निगरानी रखते हुए समस्या का समाधान निकाला। 

खराब मौसम के कारण ट्रेन और विमान संचालन प्रभावित
मानसून एक्सप्रेस के दिल्ली पहुंचने के कारण ट्रेन और विमान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेज बारिश शुरू हुई तो दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित होने लगा। मुंबई-दिल्ली और पुणे-दिल्ली की उड़ान को खराब मौसम की वजह से उतरने की इजाजत नहीं दी गई। कुछ देर बाद इन्हें डायवर्ट कर दिया गया।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच करीब 22 उड़ान 30 मिनट से एक घंटे तक की देरी से संचालित हुईं। एयरपोर्ट पर एक के पीछे एक विमान कतार में खड़े होकर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के ग्रीन सिग्नल मिलने का इंतजार करने लगे। इस वजह से आने वाले विमान को भी हवा में चक्कर लगाने पड़े। 

अन्य शहरों से दिल्ली आने वाले सभी विमान को इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम के सहारे पूरे एहतियात के साथ उतारा गया। इस वजह से उड़ानें लेट होने लगीं। ना केवल टर्मिनल-3, बल्कि टर्मिनल 2 व 1 के यात्रियों को बेहद परेशान होना पड़ा। विमानों के नियत समय में परिवर्तन करना पड़ा। दिल्ली आने वाले विमान के यात्रियों को उस वक्त ज्यादा परेशान होना पड़ा जब उनके विमान को अन्य एयरपोर्ट के लिए परिवर्तित किया गया। इंडिगो की उड़ान 2649 पुणे-दिल्ली को जयपुर के लिए डायवर्ट किया गया। वहीं, एयर इंडिया के विमान संख्या एआई 806 को अमृतसर के लिए डायवर्ट किया। मौसम साफ होने पर उड़ानें नियमित हुईं।

जलभराव के कारण पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की तेजस, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति समेत कई ट्रेनें रद्द
बारिश के कारण ट्रेन संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई रेलगाड़ियां रुककर चलीं, तो कई का संचालन देरी से हुआ। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लमडिंग मंडल में जलभराव और कटाव की वजह से कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इससे यात्रियों को आगे तक परेशान होना पड़ेगा। परिचालन कारणों से रेलवे ने ट्रेन संख्या 14620 फिरोजपुर-अगरतला एक्सप्रेस को 4 व 11 जुलाई को निरस्त रखने का निर्णय लिया है। इसी तरह ट्रेन संख्या 14619 अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस 7 व 14 जुलाई को रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14038 नई दिल्ली-सिल्चर पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 7 और 14 जुलाई को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 14037 सिल्चर-नई दिल्ली पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 11 व 18 जुलाई को रद्द रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 20501 अगरतला-आनंद विहार टर्मिनल तेजस एक्सप्रेस 4 और 11 जुलाई को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 20502 आनंद विहार टर्मिनल-अगरतला तेजस एक्सप्रेस 6 व 13 जुलाई को को रद्द रहेगी। ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। रेलवे ने एक अन्य निर्णय में ट्रेन संख्या 16032 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-चेन्नई एक्सप्रेस के नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव के समय में संशोधन किया है। 28 अक्तूबर से यह परिवर्तन किया जाएगा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें