सात जनवरी से चेन्नई में पायका ब्वॉयज नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज हो रहा है। इसके लिए हरियाणा टीम का चयन कर लिया गया है।
टीम में गुड़गांव के तीन खिलाड़ियों ने भी प्रतिभा के दम पर स्थान बनाया है। अंडर-16 की इस चैंपियनशिप में चुने गए गुड़गांव के खिलाड़ियों ने कहा कि वह प्रदेश को राष्ट्रीय चैंपियन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
चेन्नई जाने वाली हरियाणा की वॉलीबॉल टीम मजबूत हो, इसके लिए रोहतक में ट्रायल हुआ। इसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे।
सभी ने प्रदेश की टीम में अपना स्थान पक्का करने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन अंतिम रूप से सिर्फ 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया गया। इसमें गुड़गांव के रवि, राकेश और प्रिंस भी शामिल हैं।
तीनों का दावा है कि वह बेहतर करके आएंगे। हरियाणा की वॉलीबॉल टीम पांच जनवरी को चेन्नई के लिए रवाना होगी। इन तीनों खिलाड़ियों ने कहा कि मिशन चेन्नई के लिए वह अपने अभ्यास में जुट गए हैं।
प्रशिक्षकों की ओर से खेल की बारीकियों और रणनीति के बारे में बताया जा रहा है। मानसिक एकाग्रता के लिए योग का भी सहारा लिया जा रहा है।
जिला खेल विभाग के वॉलीबॉल कोच सुभाष ने बताया कि तीनों खिलाड़ी नेहरू स्टेडियम में उनके पास अभ्यास करते हैं। उनके चयन से काफी खुशी हुई है। जिला खेल विभाग के स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ियों ने भी उनके चयन पर खुशी जताई है।