दक्षिण दिल्ली के एक बार में एक महिला घायल हो गई थी। महिला के पति ने बार में ही परिवार के साथ मौजूद द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी पर जान-बूझकर पत्नी को गिलास मारने का आरोप लगाया था। इसी मामले में बाद में उन्हें हटा दिया गया था।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी के हटाए जाने के बाद उनके स्थान पर दक्षिण जिला के अपर डीसीपी हर्षवर्धन को नियुक्त किया गया है। दक्षिण दिल्ली की कैलाश कॉलोनी स्थित एक बार में पार्टी के दौरान एक महिला के घायल होने के मामले में द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी को हटाया गया था।
विज्ञापन
दक्षिण दिल्ली के पॉश एरिया कैलाश कॉलोनी के एक बार में पार्टी के दौरान सिर पर गिलास लगने से एक महिला बुरी तरह जख्मी हो गई थी। उसके पति ने बार में ही परिवार के साथ मौजूद द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी पर जान-बूझकर पत्नी को गिलास मारने का आरोप लगाया था। इस संबंध में पीसीआर कॉल भी कर दी गई। मीडिया को मामले की भनक लगी तो पुलिस अधिकारियों से सवाल-जवाब होने लगा। सोशल मीडिया पर भी मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद महिला ने एक वीडियो जारी कर अपनी शिकायत वापस लेने और गलती से डीसीपी का नाम लिए जाने की बात की।
पुलिस मुख्यालय की ओर से भी मामला सुलझा लिए जाने की बात की गई। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बात एलजी और गृहमंत्री तक पहुंच गई। देर शाम को पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी कर शंकर चौधरी को वापस हेडक्वॉर्टर रिपोर्ट करने के लिए कह दिया गया। इसके बाद उनके स्थान पर अब दक्षिण दिल्ली के अपर पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन को नियुक्त किया गया है।