फतेहपुर बेरी इलाके में पालतू कुत्ते को बांधकर रखने की नसीहत देना ऑटो चालक को भारी पड़ गया। कुत्ते के मालिक ने ऑटो चालक की पिटाई कर दी, वहीं कुत्ते ने उनके हाथ और पैर पर काट लिया। घायल चालक की पहचान बीरमानंद के रूप में हुई है। घायल पीड़ित को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बीरमानंद सपरिवार आया नगर इलाके में रहते हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि 15 फरवरी की दोपहर में वह पैदल ऑटो लेने जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला जीवन ज्योति अपने घर के बाहर पालतू कुत्ते को घूमा रहा था। कुत्ता उनपर भौंकने लगा तो बीरमानंद ने उसके मालिक को कुत्ते को बांध कर रखने के लिए कहा। इस बात पर दोनों में कहासुनी हो गई।
कुत्ते का मालिक पीड़ित के साथ मारपीट करने लगा। इसी दौरान कुत्ते ने पीड़ित के हाथ और पैर पर काट लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के परिवार वाले वहां पहुंचे और उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।