मूकबधिर बनकर छात्रों के फ्लैट में चोरी करने वाले गिरोह का दक्षिण जिला के स्पेशल स्टाफ ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में आंध्र प्रदेश के चार बदमाशों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पी. साथियावेलू (22), कुमार (24), शिवा (22) और प्रभु (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने गाजियाबाद के भोपुरा में इनके कमरे पर तलाशी के दौरान 27 मोबाइल, 11 लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपी ट्रेन में सवार होकर आंध्र प्रदेश से दिल्ली आ जाते थे। किराये पर कुछ दिनों के लिए कमरा लेकर आरोपी वारदात को अंजाम देते थे। कई मोबाइल व लैपटॉप चोरी करने के बाद यह लौट जाते थे। बाद में चोरी के माल को तमिलनाडु में बेच दिया करते थे। आरोपी पिछले काफी समय से वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से चोरी के पांच मामले सुलझे हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर बाकी वारदातें सुलझाने का प्रयास कर रही है। आरोपियों ने खुद के मूक-बधिर होने का सर्टिफिकेट भी बनवाया हुआ है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौधरी ने बताया कि 21 फरवरी को जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि चोरी की वारदात को अंजाम देने कुछ लोग मालवीय नगर के प्रेस एन्क्लेव में आने वाले हैं। सूचना के बाद टीम ने चार आरोपियों को संदिग्ध हालत में खड़े देखा। पूछने पर आरोपी खुद को मूक-बधिर बताने लगे। आरोपी कागजात भी दिखाने लगे। शक के आधार पर उनकी तलाशी ली गई तो बैग से तीन मोबाइल फोन और दो लैपटॉप बरामद हुए। छानबीन के दौरान आरोपियों की हकीकत का पता चला। गाजियाबाद के भोपुरा में इनके कमरे पर तलाशी के दौरान चोरी का सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सुबह के समय यह चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।